Dark Mode
रोनाल्डो को झटका, प्री-फ्रेंडली मैचों से बाहर

रोनाल्डो को झटका, प्री-फ्रेंडली मैचों से बाहर

नई दिल्ली। पुर्तगाल के स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो को मैक्सिको और अमेरिका के खिलाफ होने वाले वर्ल्ड कप प्री-फ्रेंडली मैचों के लिए टीम में शामिल नहीं किया गया है। 41 साल के रोनाल्डो फरवरी के अंत से ही अपने क्लब अल-नसर के लिए भी मैदान पर नहीं उतरे हैं। हालांकि, पुर्तगाल के हेड कोच रॉबर्टो मार्टिनेज ने साफ किया है कि उनकी चोट गंभीर नहीं है और वर्ल्ड कप टीम में उनकी जगह पक्की है। फीफा वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन 11 जून से 19 जुलाई तक अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा में होगा।


हैमस्ट्रिंग इंजरी की वजह से बाहर हुए रोनाल्डो
कोच रॉबर्टो मार्टिनेज ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि रोनाल्डो हैमस्ट्रिंग की समस्या से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा,'यह एक मामूली चोट है। रोनाल्डो अगले एक या दो हफ्तों में मैदान पर वापसी कर सकते हैं। इस सीजन में क्रिस्टियानो ने अपनी फिटनेस पर जो काम किया है, वह शानदार है। उनकी शारीरिक क्षमता को देखते हुए फिलहाल कोई बड़ी समस्या नजर नहीं आती।'


वर्ल्ड कप में रोनाल्डो और रामोस संभालेंगे फॉरवर्ड लाइन
कोच ने वर्ल्ड कप की प्लानिंग को लेकर कहा कि टूर्नामेंट में सेंटर-फॉरवर्ड की भूमिका क्रिस्टियानो रोनाल्डो और गोंसालो रामोस ही निभाएंगे। मार्टिनेज के मुताबिक, वर्ल्ड कप की फाइनल टीम चुनने से पहले यह आखिरी ट्रेनिंग कैंप है, इसलिए वे कुछ नए प्रयोग करना चाहते हैं। रोनाल्डो की गैरमौजूदगी में अन्य खिलाड़ियों को परखने का यह कोच के पास आखिरी मौका होगा।

पुर्तगाल कोलंबिया और उज्बेकिस्तान के साथ ग्रुप K में रखा गया है
पुर्तगाल को ग्रुप-K में रखा गया है। इस ग्रुप में पुर्तगाल के साथ कोलंबिया और उज्बेकिस्तान की टीमें शामिल हैं। चौथी टीम का फैसला प्ले-ऑफ के जरिए होगा, जिसमें न्यू कैलेडोनिया, जमैका या डीआर कांगो में से कोई एक टीम ग्रुप में शामिल हो सकती है।

 

 

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!