Dark Mode
राशिद खान का ऐतिहासिक कारनामा, टी20 में 700 विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज

राशिद खान का ऐतिहासिक कारनामा, टी20 में 700 विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज

नई दिल्ली। अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान टी20 क्रिकेट में 700 विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बन गए हैं। अफगानिस्तान के कप्तान राशिद ने टी20 विश्व कप 2026 में सोमवार को नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में यूएई के खिलाफ खेले गए मैच में यह उपलब्धि हासिल की। राशिद ने यूएई की पारी के 16वें ओवर में मुहम्मद अरफान को आउट करके टी20 में अपना 700वां विकेट हासिल किया। अरफान ने रिवर्स स्वीप करने की कोशिश की लेकिन चूक गए और हिट विकेट हो गए। राशिद ने पिछले सप्ताह अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए मुकाबले में अपना 698वां और 699वां विकेट लिया था।
लीग क्रिकेट और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मिलाकर टी20 फॉर्मेट में सबसे ज्यादा विकेट राशिद खान के बाद वेस्टइंडीज के पूर्व ऑलराउंडर ड्वेन ब्रावो के नाम हैं। ब्रावो ने 631 विकेट लिए हैं। तीसरे नंबर पर वेस्टइंडीज के स्पिनर सुनील नरेन हैं। नरेन के नाम 613 विकेट हैं।
राशिद ने अंतरराष्ट्रीय टी20 में भी सबसे ज्यादा विकेट (191) हासिल किए हैं। न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज टिम साउदी (164) और लेग-स्पिनर ईश सोढ़ी (162) दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं।
पिछले सप्ताह राशिद खान ने मीडिया से बात करते हुए कहा था, "700 विकेट, चाहे जो भी उपलब्धि हो, वह जारी रहेगी। मैंने अपने मन में कोई लक्ष्य नहीं रखा है कि मैं 700 विकेट लेकर रुक जाऊंगा। जब मैं विश्व कप में राष्ट्रीय टीम के लिए खेलता हूं, तो मैं 100 प्रतिशत कोशिश करता हूं, और जब टीम को जरूरत होती है, तो विकेट लेता हूं।" यूएई के खिलाफ खेले गए मैच में अफगानिस्तान ने 5 विकेट से जीत हासिल की। यूएई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट पर 160 रन बनाए थे। अफगानिस्तान ने 19.2 ओवर में 5 विकेट पर 162 रन बनाकर मैच 5 विकेट से जीता। राशिद ने इस मैच में 1 विकेट लिए।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!