तीसरी बेटी होने पर पिता का खौफनाक कदम, नवजात की मौत से मचा हड़कंप
जयपुर। राजधानी जयपुर के जमवारामगढ़ क्षेत्र में एक नवजात बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, तीसरी संतान भी बेटी होने से नाराज पिता पर नवजात की हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के मुताबिक, महिला ने मंगलवार को एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के जरिए बच्ची को जन्म दिया था। आरोप है कि बच्ची के जन्म के कुछ ही समय बाद पिता ने कथित तौर पर यह खौफनाक वारदात कर दी। आरोपी की पहचान नीमराना निवासी रवि कुमार के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही चंदवाजी थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी राजवीर सिंह ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कराई।
पुलिस अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। साथ ही अस्पताल के डॉक्टरों, स्टाफ और परिजनों से पूछताछ की जा रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम की सटीक जानकारी सामने आ सके।
फिलहाल पुलिस नवजात की मौत के कारणों और मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।