Dark Mode
राहुल के परिवार पर विवादित बयान पड़ा भारी, भाजपा विधायक पर एफआईआर

राहुल के परिवार पर विवादित बयान पड़ा भारी, भाजपा विधायक पर एफआईआर

बेंगलुरु। कर्नाटक की राजनीति में उस समय नया विवाद खड़ा हो गया जब भाजपा विधायक यशपाल सुवर्णा के राहुल गांधी के परिवार को लेकर दिए गए बयान पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली। शिकायत मिलने के बाद उडुपी टाउन पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह कार्रवाई उडुपी जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशोक कुमार कोडावूर की शिकायत के आधार पर की गई। पुलिस के अनुसार, विधायक के खिलाफ बीएनएस की कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है और पूरे मामले की कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, उडुपी में भाजपा के एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान यशपाल सुवर्णा ने कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी के परिवार को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। उनका बयान सामने आने के बाद इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया।

कांग्रेस ने इस टिप्पणी को लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ बताते हुए भाजपा पर नफरत फैलाने वाली राजनीति का आरोप लगाया। पार्टी नेताओं का कहना है कि सार्वजनिक जीवन में इस तरह की भाषा स्वीकार नहीं की जा सकती और जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों को संयम बरतना चाहिए।

कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के कार्यकारी अध्यक्ष और विधान परिषद सदस्य मंजूनाथ भंडारी ने कहा कि राज्य सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है और कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने विवादित बयान को भड़काऊ और अपमानजनक बताते हुए कहा कि इससे सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।

भंडारी ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा छात्रों से जुड़े मुद्दों और नीट पेपर लीक विवाद से ध्यान भटकाने के लिए व्यक्तिगत टिप्पणियों का सहारा ले रही है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन किसी भी नेता या परिवार के खिलाफ धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!