Dark Mode
आमिर संग पुरानी तस्वीर शेयर कर पूजा भट्ट ने बढ़ाया सस्पेंस

आमिर संग पुरानी तस्वीर शेयर कर पूजा भट्ट ने बढ़ाया सस्पेंस

मुंबई। अभिनेत्री और फिल्ममेकर पूजा भट्ट ने शुक्रवार को पुरानी यादें ताजा करते हुए अभिनेता आमिर खान के साथ पुराने फोटोशूट की तस्वीर शेयर की। अभिनेत्री ने सोशल मीडिया के जरिए इस तस्वीर के पीछे की कहानी को लेकर सस्पेंस बनाया। इंस्टाग्राम पर पोस्ट की गई तस्वीर को मशहूर फोटोग्राफर गौतम राजाध्यक्ष ने खींची थीं। इन तस्वीरों में आमिर खान और पूजा भट्ट सफेद कपड़ों में कैमरे के सामने पोज देते नजर आ रहे हैं। अभिनेत्री शेयर करते हुए लिखती हैं, "किसी न किसी दिन मैं इन अचानक से ली गई तस्वीरों के पीछे की कहानी जरूर बताऊंगी। ये तस्वीरें गौतम राजाध्यक्ष के ह्यूज रोड स्थित बड़े घर की बालकनी में ली गई थीं, लेकिन अभी नहीं…आपको थोड़ा इंतजार करना होगा।"
उन्होंने आगे लिखा, "उससे पहले आमिर की यादें जरूर ताजा करवा लूंगी और जैसा कई साल पहले मैंने किसी को वादा किया था, तो पूरी कहानी सुनाऊंगी।"
बता दें कि पूजा भट्ट और आमिर खान ने साथ में दो फिल्में, 'दिल है के मानता नहीं' और 'पहला नशा', जैसी फिल्मों में साथ काम किया था। साल 1991 में रिलीज हुई फिल्म 'दिल है के मानता नहीं' को पूजा के पिता महेश भट्ट द्वारा निर्देशित किया गया था और इसका निर्माण गुलशन कुमार द्वारा किया गया था। इसमें पूजा के साथ आमिर खान मुख्य भूमिका में नजर आए थे। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बहुत बड़ी हिट साबित हुई थी।
यह म्यूजिकल रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म पूजा भट्ट के करियर की सबसे बेहतरीन और लोकप्रिय फिल्मों में से एक थी, जिसके जरिए पूजा भट्ट ने बतौर लीड एक्ट्रेस मुख्यधारा में अपनी धमाकेदार शुरुआत की थी और यह उनके करियर का एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हुई।
वहीं, 'पहला नशा' 1993 की बॉलीवुड मिस्ट्री-थ्रिलर फिल्म थी, जिसे निर्देशक आशुतोष गोवारिकर ने निर्देशित किया था। यह बतौर निर्देशक उनकी पहली फिल्म थी। फिल्म में दीपक तिजोरी, पूजा भट्ट, रवीना टंडन और परेश रावल अहम भूमिका में थे।
इस फिल्म का सबसे बड़ा आकर्षण यह था कि इसमें पहली बार सुपरस्टार आमिर खान और शाहरुख खान एक साथ एक ही फ्रेम में नजर आए थे। उनके अलावा सैफ अली खान, जूही चावला और राहुल रॉय ने भी फिल्म में विशेष भूमिकाएं निभाई थीं।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!