पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी कतर दौरे पर, गैस आपूर्ति पर चर्चा
नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी गुरुवार (9 अप्रैल) को दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर कतर रवाना हो रहे हैं।
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि पश्चिम एशिया संकट के बीच मंत्री हरदीप पुरी 9-10 अप्रैल को दो दिवसीय कतर के आधिकारिक दौरे पर रहेंगे। चूंकि, भारत अपनी जरूरत का एक बड़ा हिस्सा कतर से मंगवाता है, इसलिए यह यात्रा भारत की रसोई और इंडस्ट्री के लिए बेहद अहम है।
भारत अपनी जरूरत का लगभग 40 फीसदी लिक्विफाइड नेचुरल गैस (एलएनजी) कतर से आयात करता है। पश्चिम एशिया संकट के दौरान ईरान ने कतर के बड़े नेचुरल गैस प्लांट्स पर मिसाइल हमला किया, जिससे कतर की 17 फीसदी एक्सपोर्ट कैपेसिटी प्रभावित हुई है।
कतरएनर्जी के मुताबिक इन प्लांट्स को ठीक होने में 3 से 5 साल लग सकते हैं। ऐसे में भारत के लिए गैस की बिना रुकावट सप्लाई सुनिश्चित करना सबसे बड़ी चुनौती है, जिस पर चर्चा करने के लिए हरदीप पुरी कतर के अधिकारियों से मिलेंगे।
उल्लेखनीय है कि घरेलू रसोई गैस सप्लाई को लेकर फैल रही चिंताओं के बीच पेट्रोलियम मंत्रालय ने साफ किया है कि देश में एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है। सात अप्रैल को एक ही दिन में रिकॉर्ड 53.5 लाख से अधिक घरेलू रसोई गैस सिलेंडर डिलीवर किए गए। ऑनलाइन बुकिंग में 95 फीसदी का उछाल आया है, जिससे सप्लाई चेन पारदर्शी हुई है। ब्लैक मार्केटिंग को रोकने के लिए डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (डीएसी) का इस्तेमाल 91 फीसदी तक बढ़ गया है।