Dark Mode
एटीएम में कार्ड बदलकर 90 हजार से ज्यादा की ठगी

एटीएम में कार्ड बदलकर 90 हजार से ज्यादा की ठगी

धमतरी। एटीएम से रुपये निकालने गए एक व्यक्ति को दो अज्ञात लोगों ने अपनी चालाकी का शिकार बना लिया। पहले आरोपितों ने एटीएम में रुपये निकालने के दौरान बहस कर उन्हें उलझाया, फिर उनका एटीएम कार्ड बदल दिया। इसके बाद अलग-अलग किश्तों में उनके बैंक खाते से कुल 90,500 रुपये निकाल लिए गए। खाते से रकम निकाले जाने की जानकारी मिलने पर पीड़ित ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सिटी कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आकाशगंगा कॉलोनी फेस-टू निवासी विनोद बरैया ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 2 अक्टूबर को वह एचपी पेट्रोल पंप के पास स्थित एटीएम से रुपये निकालने गया था। इसी दौरान दो अज्ञात व्यक्ति जबरदस्ती एटीएम के अंदर घुस गए। मना करने पर वे उससे बहस करने लगे। रुपये निकालने के बाद दोनों ने कहा कि एटीएम की स्क्रीन पर कुछ गलत दिखाई दे रहा है। उन्होंने विनोद से दोबारा कार्ड लगाकर प्रक्रिया ठीक करने को कहा। इसी बात को लेकर आरोपित उससे उलझते रहे और इसी दौरान उसका एटीएम कार्ड बदल दिया।

घर लौटते समय विनोद को पता चला कि उसका डेबिट कार्ड बदल दिया गया है। इससे पहले ही अज्ञात व्यक्तियों ने उसके बैंक खाते से 40 हजार और 30 हजार रुपये, कुल 70 हजार रुपये निकाल लिए थे। घटना की जानकारी मिलने पर उसने तत्काल सिटी कोतवाली पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद तकनीकी शाखा की मदद से योनो एप के माध्यम से एटीएम कार्ड बंद कराया गया। हालांकि, इसके बावजूद 3 अक्टूबर की सुबह खाते से फिर 9,500, 5,000 और 6,000 रुपये निकाल लिए गए। इस तरह खाते से कुल 90,500 रुपये की निकासी हुई।

पीड़ित ने भारतीय स्टेट बैंक पहुंचकर अपना खाता बंद कराया और लेनदेन की जानकारी प्राप्त की, तब उसे ठगी की पूरी जानकारी मिली। विनोद बरैया की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और लेनदेन से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान करने में जुटी है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!