Dark Mode
नॉर्वे मीडिया ने मोदी को बताया सबसे लोकप्रिय ग्लोबल लीडर

नॉर्वे मीडिया ने मोदी को बताया सबसे लोकप्रिय ग्लोबल लीडर

नई दिल्ली। नॉर्वे के प्रमुख बिजनेस समाचारपत्र ‘दा-गन्स नैरीस्लिव’ (डीएन) ने भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को दुनिया का सबसे लोकप्रिय राजनेता बताया है। अखबार ने नॉर्डिक देशों के प्रधानमंत्रियों को सलाह दी है कि उन्हें पीएम मोदी से नेतृत्व और जनसमर्थन हासिल करने के कई पहलुओं को सीखना चाहिए।


18 मई को नॉर्वे दौरे पर जाएंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 18 मई को नॉर्वे की यात्रा पर जाएंगे। इस दौरान उनका स्वागत नॉर्वे के किंग हैरल्ड करेंगे। पीएम मोदी भारतीय समुदाय से मुलाकात करेंगे और भारत-नॉर्डिक प्रधानमंत्रियों की बैठक में भी हिस्सा लेंगे। इसके अलावा दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने पर भी चर्चा होने की संभावना है।


नॉर्डिक नेताओं को पीएम मोदी से सीखने की सलाह
पीएम मोदी की नॉर्वे यात्रा से पहले प्रकाशित लेख में डीएन ने लिखा, “नॉर्डिक देशों के प्रधानमंत्रियों को ध्यान से सुनना चाहिए। उन्हें अपने भारतीय समकक्ष से बहुत कुछ सीखने की आवश्यकता है।” लेख में कहा गया कि जहां नॉर्डिक देशों के प्रधानमंत्रियों की घरेलू लोकप्रियता लगभग 30% तक सीमित है, वहीं पीएम मोदी की लोकप्रियता करीब 70% है। अखबार के अनुसार, किसी भी बड़े देश का नेता अपने देश में पीएम मोदी जितना लोकप्रिय नहीं है।


आर्थिक विकास और मजबूत नेतृत्व का उल्लेख
समाचारपत्र ने लिखा कि पीएम मोदी पिछले 12 वर्षों से अधिक समय से सत्ता में हैं और यदि वे दोबारा चुनाव लड़ते हैं तो उनके पुनर्निर्वाचन की संभावना मजबूत दिखाई देती है। लेख में उनकी लोकप्रियता का श्रेय तेज आर्थिक विकास, प्रभावशाली विचारधारा, मजबूत राजनीतिक संगठन और उनकी व्यक्तिगत जीवन यात्रा को दिया गया। अखबार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सामान्य पारिवारिक पृष्ठभूमि का जिक्र करते हुए लिखा कि दुनिया के अधिकांश नेता संपन्न या उच्च मध्यम वर्गीय परिवारों से आते हैं, जबकि पीएम मोदी का जीवन संघर्षों से भरा रहा है और उनकी यात्रा बेहद अलग तथा प्रेरणादायक मानी जाती है।


भारत की तेज आर्थिक वृद्धि पर जोर
लेख में कहा गया कि भारत की अर्थव्यवस्था करीब 7% की दर से बढ़ रही है, जो चीन सहित अन्य बड़ी अर्थव्यवस्थाओं से तेज है। वर्तमान वृद्धि दर जारी रहने पर वर्ष 2050 तक भारत दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन सकता है।


हरित विकास मॉडल की सराहना
डीएन ने हरित विकास के क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों की भी सराहना की। रिपोर्ट में कहा गया कि भारत सौर और पवन ऊर्जा उत्पादन में दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा देश बन चुका है और जल्द ही अमेरिका को पीछे छोड़कर दूसरे स्थान पर पहुंच सकता है। लेख के अनुसार, पीएम मोदी का संदेश यह है कि हरित विकास के माध्यम से भारत करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकाल सकता है और आर्थिक विकास तथा पर्यावरण संरक्षण अब एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं।


भाजपा को बताया दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी
समाचारपत्र ने भारतीय जनता पार्टी को दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बताते हुए कहा कि उसके 10 करोड़ से अधिक सदस्य हैं। लेख में कहा गया कि भाजपा ने भारत में सभी वर्गों और जातियों के बीच व्यापक समर्थन हासिल किया है।


भारत के लोकतांत्रिक मॉडल की सराहना
लेख में यह भी कहा गया कि भारत ने लोकतांत्रिक मॉडल को सफलतापूर्वक अपनाया है और लोकतंत्र भारतीय संस्कृति तथा परंपरा में गहराई से निहित है। अखबार ने भारत को नॉर्वे के लिए महत्वपूर्ण साझेदार बताते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच घनिष्ठ संबंधों से व्यापार और रणनीतिक सहयोग के नए अवसर खुल सकते हैं।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!