Dark Mode
नरेंद्र मोदी 13 मार्च को असम का दौरा करेंगे, कई परियोजनाओं की देंगे सौगात

नरेंद्र मोदी 13 मार्च को असम का दौरा करेंगे, कई परियोजनाओं की देंगे सौगात

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर 13 मार्च को असम जाएंगे। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए प्रधानमंत्री असमवासियों को बड़ी सौगात दे सकते हैं। प्रधानमंत्री के इस दौरे में कई महत्वपूर्ण योजनाओं की शुरुआत और शिलान्यास शामिल है। प्रधानमंत्री राज्य को करीब 10 हजार करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के मुताबिक प्रधानमंत्री गुवाहाटी, कोकराझार और सिलचर में कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे और जनसभाओं को संबोधित करेंगे। असम सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं से राज्य में बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इस दौरान चाय बागान के मजदूरों को भूमि अधिकार प्रमाणपत्र देने का कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें भी पीएम मोदी शामिल हो सकते हैं। कई मजदूर परिवार पिछले लगभग 200 वर्षों से जमीन के औपचारिक स्वामित्व का इंतजार कर रहे थे। इसके साथ ही गुवाहाटी में 13 मार्च को आयोजित कार्यक्रम में पीएम किसान योजना की अगली किस्त जारी करेंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री राज्य के अलग-अलग हिस्सों में जनसभाओं को संबोधित करते हुए एनडीए सरकार के विकास योजनाओं के बारे में जानकारी देंगे।
सीएम सरमा ने कहा, ‘प्रधानमंत्री 150 मेगावाट की कोपिली जलविद्युत परियोजना को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे, जिसे राज्य सरकार ने पूरा किया है। गुवाहाटी से वे करीब 10,000 करोड़ रुपए की परियोजनाओं को समर्पित करेंगे।
इसके बाद 14 मार्च को सुबह 11 बजे वे सिलचर में रहेंगे और 22,000 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले सिलचर-शिलांग-गुवाहाटी एक्सप्रेस हाईवे का शिलान्यास करने के साथ भी कुछ परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करने के बाद कोलकाता के लिए रवाना हो जाएंगे।
वहीं, 15 मार्च को अमित शाह असम आएंगे। वह सुबह करीब 10 बजे वे प्रागज्योतिषपुर मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन करेंगे और इसके बाद गुवाहाटी में भाजपा के ‘युवा संकल्प समावेश’ में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री के दौरे को असम के विकास और राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!