जयपुर में बड़ा बुलडोजर एक्शन, 24 घंटे इंटरनेट बंद कर चला अतिक्रमण हटाओ अभियान
जयपुर। राजधानी जयपुर में सोमवार को हाल के वर्षों की सबसे बड़ी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाइयों में से एक को अंजाम दिया गया। जगतपुरा के नंदपुरी अंडरपास क्षेत्र में जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अभियान शुरू किया।
प्रशासन के अनुसार रेलवे लाइन के समानांतर गुजरने वाली सड़क को उसके मूल स्वरूप में विकसित कर 80 फीट चौड़ा बनाया जाना है। इसी उद्देश्य से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। सुबह से ही जेसीबी और अन्य मशीनों के साथ जेडीए की टीमें मौके पर पहुंच गईं और पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब तीन हजार पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया। जयपुर के अलावा कोटा और भरतपुर रेंज से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी गई, जबकि आमजन की आवाजाही को सीमित करने के लिए कई मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई।
कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक जानकारी के प्रसार को रोकने के लिए प्रशासन ने कड़े कदम उठाए। संभागीय आयुक्त के आदेश पर रविवार रात से सोमवार रात तक कई थाना क्षेत्रों में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित कर दी गईं। इसके तहत 2जी, 3जी, 4जी और 5जी इंटरनेट सेवाओं के साथ इंटरनेट आधारित मैसेजिंग प्लेटफॉर्म और सामूहिक एसएमएस सेवाओं पर भी रोक लगाई गई।
सुरक्षा प्रबंधन को और मजबूत करने के लिए कार्रवाई क्षेत्र में बिजली आपूर्ति भी अस्थायी रूप से बंद रखी गई। प्रशासन का मानना था कि इससे वाई-फाई आधारित इंटरनेट उपयोग को भी नियंत्रित किया जा सकेगा। वहीं पूरे इलाके की निगरानी ड्रोन कैमरों और विशेष साइबर टीमों के जरिए की गई।
जेडीए अधिकारियों के मुताबिक इससे पहले 22 मई को भी इसी मार्ग पर अभियान चलाकर 134 अतिक्रमण हटाए गए थे। प्रभावित लोगों को स्वयं निर्माण हटाने के लिए समय दिया गया था, लेकिन निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद प्रशासन ने दोबारा कार्रवाई शुरू की।
अधिकारियों का कहना है कि करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी इस सड़क की रिकॉर्ड में चौड़ाई 80 फीट दर्ज है, जबकि अतिक्रमण के चलते कई हिस्सों में यह महज 25 से 30 फीट तक सीमित हो गई थी। यह मार्ग नंदपुरी अंडरपास को जगतपुरा से जोड़ता है और आसपास की कई प्रमुख कॉलोनियों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है।
प्रशासन का दावा है कि सड़क चौड़ी होने के बाद यातायात दबाव में कमी आएगी और नंदपुरी, जगतपुरा, मालवीय नगर, एपेक्स सर्किल तथा आसपास के क्षेत्रों के बीच आवागमन अधिक सुगम होगा। इससे 50 से ज्यादा कॉलोनियों के लोगों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
पूरे अभियान के दौरान प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने, अफवाहों से दूर रहने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।