जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित
बारां। अध्यक्ष जिला जल एवं स्वच्छता समिति एवं जिला कलक्टर की अध्यक्षता में बुधवार को जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी, अधीक्षण अभियन्ता जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग वृत्त बारां सहित विभाग के समस्त अधिशाषी अभियन्ता, विभागीय रसायनज्ञ एवं सहायक अभियन्ता, टीपीआई प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में परवन-अकावद वृहद पेयजल परियोजना सहित 8 वृहद पेयजल परियोजनाओं की समीक्षा की गई। अधिशाषी अभियन्ता ने बताया कि 8 में से 5 परियोजनाओं का कार्य पूर्ण हो चुका है तथा 3 का कार्य प्रगतिरत है। परवन-अकावद परियोजना में इंटेकवेल, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, राइजिंग मेन एवं पम्प हाउस का कार्य प्रगति पर है। जिला कलेक्टर ने कार्य को समय पर पूर्ण करने के लिए अतिरिक्त टीम बढ़ाने के निर्देश दिए। जल जीवन मिशन के अंतर्गत जिले के 162 ग्रामों की 141 योजनाओं में से 130 योजनाओं को भौतिक रूप से पूर्ण कर 46630 घरेलू नल कनेक्शन जारी किए जा चुके हैं। शेष 8 योजनाओं के 27 ग्रामों में कार्य प्रगतिरत है। जिला कलक्टर ने जेजेएम के अंतर्गत पूर्ण योजनाओं का ग्राम पंचायत को हस्तान्तरण एवं हर घर जल प्रमाणित ग्रामों की सूची तैयार कर संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराने तथा सभी पेयजल योजनाओं के पानी की नियमित सैम्पलिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।