Dark Mode
आमेर में अवैध गांजे की बड़ी खेती का पर्दाफाश, 3347 पौधे जब्त

आमेर में अवैध गांजे की बड़ी खेती का पर्दाफाश, 3347 पौधे जब्त

जयपुर। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन क्लीन स्वीप' के तहत जयपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आमेर थाना क्षेत्र में अवैध रूप से की जा रही गांजे की खेती का खुलासा करते हुए पुलिस ने 3347 गांजे के पौधे जब्त कर नष्ट कर दिए। जब्त पौधों का कुल हरा वजन 481 किलो 650 ग्राम दर्ज किया गया।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर उत्तर) करण शर्मा ने बताया कि पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल के निर्देशन में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और आमेर थाना पुलिस की संयुक्त टीम लगातार मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त आमेर और थाना प्रभारी डॉ. गौतम डोटासरा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

एएनटीएफ से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम आमेर थाना क्षेत्र के गांव छापराड़ी स्थित एक खेत में पहुंची। जांच के दौरान वहां बड़े पैमाने पर अवैध गांजे की खेती होती मिली। पुलिस ने खेत से जड़ सहित 3347 हरे-भरे गांजे के पौधे उखड़वाकर जब्त किए और नियमानुसार उन्हें नष्ट कर दिया।

प्रारंभिक जांच में खेत मूलचंद मीणा, निवासी सीतारपुरा की ढाणी, ग्राम पंचायत छापराड़ी का होना सामने आया है। आरोपी कार्रवाई से पहले ही फरार हो गया। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20(क) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जयसिंहपुरा खोर थाना प्रभारी रघुवीर सिंह को सौंपी गई है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!