20 हजार का इनामी हत्यारोपी आखिरकार गिरफ्तार, हत्या की गुत्थी सुलझी
जयपुर। जयपुर दक्षिण पुलिस ने बहुचर्चित हत्या मामले का खुलासा करते हुए 20 हजार रुपये के इनामी आरोपी नरेश चौधरी और उसके साथी दीक्षित जोशी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों पर सचिवालय नगर, सीतापुरा में युवक चेतराम गुर्जर की हत्या में शामिल होने का आरोप है।
डीसीपी (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि इस कार्रवाई को जिला विशेष टीम (डीएसटी) और सांगानेर सदर थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से अंजाम दिया। मुख्य आरोपी नरेश चौधरी के खिलाफ पहले से छह आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से फरार चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, 2 मई को बूंदी निवासी मियाराम गुर्जर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका भतीजा चेतराम गुर्जर शादी समारोह में शामिल होने जयपुर आया था। समारोह के दौरान वह गांव के एक अन्य युवक के साथ गुटखा लेने निकला था। इसी दौरान थार और स्कॉर्पियो में सवार 8 से 10 बदमाशों ने लोहे के पाइप और लाठियों से उस पर हमला कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल चेतराम को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और लगातार की गई तलाश के आधार पर दोनों आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ में सामने आया कि वारदात के पीछे पुरानी रंजिश मुख्य वजह थी।
पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में अन्य शामिल लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।