'कॉकटेल 2' के सेट से कृति ने दिखाए अनदेखे पल, शाहिद संग मस्ती का वीडियो वायरल
Mumbai : अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'कॉकटेल 2' की रिलीज से पहले अभिनेत्री कृति सेनन ने प्रशंसकों को फिल्म के सेट की एक खास झलक दिखाई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक बिहाइंड द सीन्स (बीटीएस) वीडियो साझा किया, जिसमें शूटिंग के दौरान के कई यादगार और मनोरंजक पल कैद हैं।
वीडियो में फिल्म के कलाकारों की मस्ती, डांस रिहर्सल और शूटिंग के दौरान का उत्साह साफ नजर आता है। खास तौर पर कृति सेनन और शाहिद कपूर की ऑन-स्क्रीन और ऑफ-स्क्रीन केमिस्ट्री ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया है। दोनों कलाकार कभी डांस करते, तो कभी हंसते-मुस्कुराते नजर आ रहे हैं।
वीडियो में फिल्म के एक बड़े गाने की शूटिंग की झलक भी दिखाई गई है। रंगीन माहौल, शानदार लोकेशन और ऊर्जा से भरपूर डांस सीक्वेंस दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ाते हैं। समुद्र किनारे फिल्माए गए कुछ दृश्य भी वीडियो का आकर्षण बने हुए हैं।
कृति सेनन अलग-अलग स्टाइलिश लुक्स में नजर आ रही हैं, जबकि शाहिद कपूर भी पूरे जोश और उत्साह के साथ दिखाई देते हैं। वीडियो में कलाकारों की तैयारी और रिहर्सल के पल भी शामिल किए गए हैं, जिससे फिल्म निर्माण की झलक देखने को मिलती है।
फिल्म की दूसरी प्रमुख अभिनेत्री रश्मिका मंदाना की भी वीडियो में संक्षिप्त झलक देखने को मिली। वहीं निर्देशक होमी अदजानिया भी कुछ दृश्यों में नजर आते हैं, जिससे दर्शकों को पर्दे के पीछे की टीमवर्क का अंदाजा मिलता है।
वीडियो साझा करते हुए कृति सेनन ने लिखा कि उनका मन अब भी फिल्म की दुनिया में ही है और उन्होंने प्रशंसकों से 19 जून को सिनेमाघरों में फिल्म देखने की अपील की। उनके इस पोस्ट को सोशल मीडिया पर तेजी से प्रतिक्रिया मिल रही है।
गौरतलब है कि 'कॉकटेल 2' साल 2012 में आई चर्चित फिल्म 'कॉकटेल' का सीक्वल है। पहली फिल्म की सफलता के बाद दर्शकों की उम्मीदें इस नए भाग से भी काफी बढ़ गई हैं। फिल्म में शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। कहानी में प्यार, दोस्ती, रिश्तों की जटिलताओं और भावनात्मक उतार-चढ़ाव का मिश्रण देखने को मिलेगा।