ज़ाग्रेब में भारत का दम, सुजीत का सोना, अमन का सिल्वर
नई दिल्ली। ज़ाग्रेब में चल रही रैंकिंग सीरीज़ कुश्ती प्रतियोगिता के पहले दिन भारतीय पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का नाम रोशन किया। पुरुष फ्रीस्टाइल मुकाबलों में भारत ने एक स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक जीतकर टूर्नामेंट की शुरुआत प्रभावशाली अंदाज में की।
61 किलोग्राम वर्ग में पेरिस ओलंपिक कांस्य पदक विजेता अमन सहरावत ने दमदार खेल दिखाते हुए रजत पदक अपने नाम किया। उन्होंने शुरुआती दौर में जॉर्जिया और ईरान के पहलवानों को तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर हराया। हालांकि, फाइनल चरण में उन्हें अमेरिका के ऑस्टिन डी-सैंटो के खिलाफ कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा, जहां उन्हें हार झेलनी पड़ी।
भारत के लिए सबसे बड़ी सफलता 65 किलोग्राम वर्ग में सुजीत कलकल की रही। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में शानदार लय बनाए रखते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। उनकी जीत से न सिर्फ टीम का मनोबल बढ़ा, बल्कि रैंकिंग अंकों के लिहाज से भी भारत को फायदा मिला।
70 किलोग्राम वर्ग में अभिमन्यु मंडवाल ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। क्वार्टरफाइनल में उन्होंने अमेरिका के पहलवान को एकतरफा मुकाबले में हराया। सेमीफाइनल में हार के बाद उन्होंने वापसी करते हुए कांस्य पदक मुकाबले में जीत दर्ज की।
वहीं, 86 किलोग्राम वर्ग में मुकुल दहिया पदक से बेहद करीब रह गए। कांस्य पदक मुकाबले में उन्होंने आखिरी क्षण तक संघर्ष किया, लेकिन बेहद करीबी अंतर से हार गए।
कुल मिलाकर टूर्नामेंट के पहले दिन भारतीय टीम का प्रदर्शन संतोषजनक और उत्साहजनक रहा। पहलवानों की इस मजबूत शुरुआत से आने वाले मुकाबलों में और बेहतर नतीजों की उम्मीद बढ़ गई है।