Dark Mode
हारिस रऊफ पर जुर्माना, इंग्लैंड को भी सजा

हारिस रऊफ पर जुर्माना, इंग्लैंड को भी सजा

दुबई। पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच खेले गए वनडे मुकाबले में रोमांचक क्रिकेट के साथ मैदान पर विवाद भी देखने को मिला। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हारिस रऊफ पर आचार संहिता के उल्लंघन के लिए मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना लगाया है। वहीं, निर्धारित समय में ओवर पूरे नहीं करने के कारण इंग्लैंड की टीम को भी आर्थिक दंड भुगतना पड़ा है।

आईसीसी के अनुसार, रऊफ ने खिलाड़ियों और उनके सहयोगी स्टाफ के लिए निर्धारित आचार संहिता के अनुच्छेद 2.2 का उल्लंघन किया। यह नियम क्रिकेट उपकरणों या मैदान पर अनुचित व्यवहार से संबंधित है। इस कार्रवाई के तहत उन्हें आधिकारिक फटकार भी लगाई गई और एक डिमेरिट पॉइंट दिया गया। पिछले 24 महीनों में यह उनकी तीसरी गलती थी, जिसके चलते उनके कुल डिमेरिट पॉइंट पांच हो गए हैं।

विल जैक्स के साथ हुई थी बहस

यह विवाद लाहौर में पाकिस्तान की पारी के दौरान 46वां ओवर पूरा होने के बाद हुआ। नॉन-स्ट्राइकर छोर पर मौजूद रऊफ ने वाइड गेंद को लेकर अपील की थी। इसके बाद उनकी इंग्लैंड के ऑलराउंडर विल जैक्स के साथ कहासुनी हो गई।

बहस के दौरान रऊफ ने अपना बल्ला उठाया और अंपायर शरफुद्दौला इब्ने शाहिद की चेतावनी के बावजूद विवाद जारी रखा। आरोप के मुताबिक, जैक्स की ओर बढ़ते समय रऊफ ने अंपायर को धक्का भी दिया। इस घटना को अनुशासनहीन व्यवहार मानते हुए अधिकारियों ने उनके खिलाफ कार्रवाई की।

इंग्लैंड पर धीमे ओवर-रेट की मार

इंग्लैंड की टीम पर निर्धारित समय में गेंदबाजी के ओवर पूरे नहीं करने के कारण मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया। टीम तय समय के भीतर निर्धारित ओवरों से तीन ओवर पीछे रह गई थी।

आईसीसी के नियमों के अनुच्छेद 2.22 के तहत न्यूनतम ओवर-रेट से प्रत्येक ओवर कम रहने पर खिलाड़ियों की मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है। इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने आरोप और सजा स्वीकार कर ली।

हारिस रऊफ और ब्रूक ने एमिरेट्स आईसीसी एलीट पैनल के मैच रेफरी जेफ क्रो द्वारा लगाए गए आरोपों को मान लिया। इस कारण मामले में औपचारिक सुनवाई की आवश्यकता नहीं पड़ी। अंपायर राशिद रियाज, शरफुद्दौला, वेन नाइट्स और नासिर हुसैन ने संबंधित आरोप लगाए थे।

आखिरी विकेट तक चला मुकाबला

मैदान पर विवाद के बावजूद यह मुकाबला अपने रोमांचक अंत के लिए भी चर्चा में रहा। इंग्लैंड ने पाकिस्तान के सामने 242 रन का लक्ष्य रखा था। लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान ने एक विकेट से जीत दर्ज की।

शादाब खान ने नाबाद शतक लगाकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने आखिरी विकेट के लिए हारिस रऊफ के साथ 89 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की और पाकिस्तान को मुश्किल स्थिति से निकालकर जीत तक पहुंचाया।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!