Dark Mode
सोने-चांदी में फिर तेजी, कीमतों ने पकड़ी रफ्तार

सोने-चांदी में फिर तेजी, कीमतों ने पकड़ी रफ्तार

 

मुंबई। घरेलू कमोडिटी बाजार में शुक्रवार को सोने और चांदी की चमक बढ़ गई। दोनों कीमती धातुओं की कीमतों में तेजी रही और चांदी ने सोने के मुकाबले ज्यादा मजबूती दिखाई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी दोनों धातुओं के भाव बढ़ने से घरेलू बाजार को सहारा मिला।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर 5 अक्टूबर 2026 का सोना कॉन्ट्रैक्ट पिछले कारोबारी सत्र के 1,48,858 रुपये प्रति 10 ग्राम के बंद भाव के मुकाबले 1,49,355 रुपये पर खुला। सुबह करीब 10 बजे यह 793 रुपये यानी 0.53 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,49,651 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। कारोबार के दौरान सोने ने 1,49,164 रुपये का निचला और 1,49,648 रुपये प्रति 10 ग्राम का ऊपरी स्तर छुआ।

वहीं, 4 सितंबर 2026 की डिलीवरी वाली चांदी का कॉन्ट्रैक्ट 2,25,836 रुपये प्रति किलो के पिछले बंद भाव के मुकाबले 2,27,993 रुपये पर खुला। सुबह करीब 10 बजे चांदी 2,549 रुपये यानी 1.13 प्रतिशत की तेजी के साथ 2,28,385 रुपये प्रति किलो पर थी। कारोबार के दौरान इसका न्यूनतम स्तर 2,27,481 रुपये और उच्चतम स्तर 2,28,401 रुपये प्रति किलो रहा।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी बढ़े भाव

विदेशी बाजारों में भी सोने और चांदी की कीमतों में मजबूती बनी रही। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 0.56 प्रतिशत की बढ़त के साथ 4,323 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। वहीं, चांदी 1.43 प्रतिशत चढ़कर 62.49 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।

बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, हाल की तेजी को कमजोर अमेरिकी डॉलर से समर्थन मिला है। इसके अलावा अमेरिका और ईरान के बीच संभावित परमाणु समझौते को लेकर बढ़ती उम्मीदों ने भी बाजार की धारणा को प्रभावित किया है। हालांकि, भू-राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर अनिश्चितता अभी बनी हुई है, इसलिए आने वाले दिनों में कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।

अमेरिकी रोजगार आंकड़ों पर नजर

निवेशकों की नजर अब अमेरिका से आने वाले नॉन-फार्म पेरोल्स (NFP) और बेरोजगारी के आंकड़ों पर है। इन आंकड़ों से अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों को लेकर आगे की रणनीति के संकेत मिल सकते हैं। ब्याज दरों को लेकर उम्मीदों में बदलाव का असर सोने और चांदी जैसी कीमती धातुओं की कीमतों पर भी पड़ सकता है।

विशेषज्ञों का कहना है कि बाजार अमेरिका-ईरान बातचीत से जुड़ी ठोस जानकारी का इंतजार कर रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति की ओर से अगले 48 घंटों में किसी महत्वपूर्ण नतीजे के संकेत दिए जाने के बाद निवेशकों की निगाहें इस घटनाक्रम पर भी टिकी हुई हैं।

एमसीएक्स गोल्ड की संभावित रेंज

तकनीकी संकेतों के आधार पर जानकारों का अनुमान है कि आने वाले समय में एमसीएक्स गोल्ड 1,47,000 रुपये से 1,52,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के दायरे में कारोबार कर सकता है। यानी बाजार में तेजी के बावजूद आगे भी उतार-चढ़ाव बने रहने की संभावना है।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!