Dark Mode
फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों ने मुंबई में 26/11 शहीदों को नमन किया

फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों ने मुंबई में 26/11 शहीदों को नमन किया

मुंबई। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और प्रथम महिला ब्रिगिट मैक्रों ने आज मंगलवार को अपने भारत दौरे की शुरुआत मुंबई में 2008 के आतंकी हमलों (26/11) में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दे की। मैक्रों आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय मुद्दों पर भी बात करेंगे।

तीन दिवसीय यात्रा (17 से 19 फरवरी) पर आए मैक्रों की पीएम मोदी से रक्षा, समुद्री सहयोग, इंडो-पैसिफिक रणनीति, उभरती तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होगी।

दोनों नेता शाम को भारत-फ्रांस इनोवेशन ईयर 2026 का उद्घाटन करेंगे। मोदी और मैक्रों उद्योगपतियों, स्टार्टअप फाउंडर्स, रिसर्च एक्सपर्ट्स, और इनोवेशन से जुड़े लोगों को संबोधित करेंगे।

अपनी इस यात्रा के दौरान मैक्रों दिल्ली में एआई इम्पैक्ट समिट में भी हिस्सा लेंगे। मुंबई पहुंचने पर फ्रांस के राष्ट्रपति का मुंबई एयरपोर्ट पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और गवर्नर आचार्य देवव्रत ने गर्मजोशी से स्वागत किया।

पीएम मोदी ने एक्स पर स्वागत करते हुए लिखा, “भारत आपके आने और हमारे आपसी संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए उत्सुक है। मुझे विश्वास है कि हमारी बातचीत से सभी सेक्टर में सहयोग और मजबूत होगा और ग्लोबल तरक्की में मदद मिलेगी।”

पीएम मोदी ने आगे कहा, “मुंबई में और बाद में दिल्ली में मिलते हैं, मेरे प्यारे दोस्त इमैनुएल मैक्रों।” राष्ट्रपति मैक्रों का यह दौरा पीएम मोदी के भारत द्वारा आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट में हिस्सा लेने के न्योते के दौरान हो रहा है। यह राष्ट्रपति मैक्रों का भारत का चौथा दौरा है और मुंबई में उनका पहला आधिकारिक दौरा है।

इससे पहले वो मार्च 2018 में पहली बार भारत आए थे। फिर वो सितंबर 2023 में जी20 सम्मेलन के लिए और जनवरी 2024 में गणतंत्र दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए थे।

भारत और फ्रांस के बीच 1998 से रणनीतिक साझेदारी है, और दोनों देश रक्षा, तकनीक, अंतरिक्ष और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में साथ काम करते हैं। यह दौरा भी इसी सहयोग को आगे बढ़ाने के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के मुताबिक, पीएम मोदी और मैक्रों के बीच बातचीत में इंडिया-फ्रांस स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप के तहत हुई तरक्की का पूरा रिव्यू शामिल होगा।

 

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!