Dark Mode
टपूकड़ा कॉलेज में जनसंख्या दिवस पर छात्राओं को किया जागरूक

टपूकड़ा कॉलेज में जनसंख्या दिवस पर छात्राओं को किया जागरूक

खैरथल। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर राजकीय कन्या महाविद्यालय टपूकड़ा में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को बढ़ती जनसंख्या से उत्पन्न सामाजिक, आर्थिक और पर्यावरणीय चुनौतियों के प्रति जागरूक करना तथा जिम्मेदार नागरिक के रूप में उनकी भूमिका को मजबूत बनाना था।

कार्यक्रम अधिकारी डॉ. उमा शर्मा ने अपने व्याख्यान में बताया कि तेजी से बढ़ती जनसंख्या के कारण प्राकृतिक संसाधनों पर दबाव बढ़ रहा है। इसके साथ ही बेरोजगारी, पर्यावरण प्रदूषण और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी गंभीर होती जा रही हैं। उन्होंने इन चुनौतियों से निपटने के लिए जनजागरूकता और जिम्मेदार व्यवहार को आवश्यक बताया।

प्रो. सुनील दत्त ने छात्राओं को परिवार नियोजन, जनसंख्या संतुलन, महिला शिक्षा और स्वास्थ्य जागरूकता के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शिक्षित और जागरूक समाज ही संतुलित जनसंख्या और बेहतर भविष्य की मजबूत नींव रख सकता है।

कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें छात्राओं ने जनसंख्या नियंत्रण, स्वास्थ्य और सामाजिक जिम्मेदारियों से जुड़े सवाल पूछे और विशेषज्ञों से उनके उत्तर प्राप्त किए।

महाविद्यालय के प्राचार्य मनोज चोपड़ा ने कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं में सामाजिक चेतना विकसित करने और उन्हें राष्ट्र के सतत विकास में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने छात्राओं से समाज में जागरूकता फैलाने का भी आह्वान किया।

कार्यक्रम के समापन पर सभी छात्राओं ने नशा मुक्त राजस्थान बनाने का संकल्प लिया और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने की शपथ ग्रहण की।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!