डीएलएसए सचिव ने किया जिला कारागृह का निरीक्षण
धौलपुर। सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण धौलपुर रेखा यादव द्वारा 14 मई मंगलवार को जिला कारागृह धौलपुर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उनके द्वारा बंदियों को कारागृह में मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं जैसे भोजन, नाश्ता, स्वच्छ पेयजल, चिकित्सीय सुविधाएं व रसोईघर, बैरक इत्यादि की साफ-सफाई का जायजा लिया गया। इसके अलावा जेल में महिला बैरक में उपस्थित महिला बन्दियों की स्थिति का जायजा लिया गया।
इसके साथ ही सचिव रेखा यादव द्वारा बंदियों को बताया कि यदि किसी विचाराधीन बंदी का उसके प्रकरण में पैरवी हेतु कोई अधिवक्ता नहीं है तो ऐसे बंदी जेल अधीक्षक को अथवा संबंधित न्यायालय के समक्ष उपस्थित होने पर न्यायालय को अवगत करावें तथा उनके माध्यम से नियमानुसार अधिवक्ता नियुक्ति हेतु विधिक सहायता का प्रार्थना पत्र जिला विधिक सेवा प्राधिकरण धौलपुर को भिजवायें, जिससे ऐसे बंदीगण की ओर से पैरवी हेतु प्राधिकरण द्वारा निःशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध करवाया जा सके।
इसी प्रकार ऐसे सजायाफ्ता बंदी जिन्हांने सजा के खिलाफ अपील नहीं की है और वह अपील करना चाहता है तो ऐसे बंदी को विधि अनुसार अपील करने का पूर्ण अधिकार है और ऐसे बंदी को भी अपील हेतु विधिक सहायता के माध्यम से निःशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराया जायेगा। इस मौके पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण लि.ग्रे. 2 सुरेन्द्र सिंह, असिस्टेंट एलएडीसी मीता अग्रवाल, जेल विधिक सहायता क्लिनिक पर कार्यरत पीएलवी इन्द्रेश शर्मा, जेलर पूरन चंद शर्मा, हैड कनि. मनोज सहित कारागृह का स्टॉफ एवं बंदीजन मौजूद रहे ।