Dark Mode
राजस्थान-ऑस्ट्रेलिया के बीच शिक्षा और आदिवासी संस्कृति पर बढ़ेगा सहयोग

राजस्थान-ऑस्ट्रेलिया के बीच शिक्षा और आदिवासी संस्कृति पर बढ़ेगा सहयोग

जयपुर : राजस्थान में उच्च शिक्षा, कृषि नवाचार और आदिवासी संस्कृति संरक्षण के क्षेत्र में ऑस्ट्रेलिया के साथ सहयोग को नई दिशा मिलने की संभावना है। मंगलवार को लोकभवन में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे और ऑस्ट्रेलिया के वरिष्ठ राजनयिक पॉल मर्फी के बीच हुई बैठक में इन विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने राजस्थान के विश्वविद्यालयों और ऑस्ट्रेलिया के शिक्षण संस्थानों के बीच शैक्षणिक सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई। इसके तहत विश्वविद्यालयों के कुलगुरुओं, शिक्षाविदों और ऑस्ट्रेलियाई विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों के बीच वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद शुरू करने की योजना बनाई जाएगी। साथ ही छात्र-शिक्षक आदान-प्रदान और अन्य शैक्षणिक एक्सचेंज कार्यक्रमों की संभावनाओं पर भी काम होगा।

राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने ऑस्ट्रेलिया में उच्च शिक्षा के सफल प्रयोगों और नवाचारों का लाभ राजस्थान के विद्यार्थियों एवं विश्वविद्यालयों तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के अनुभव साझा होने से शिक्षा की गुणवत्ता और अनुसंधान को नई दिशा मिल सकती है।

बैठक में कृषि क्षेत्र भी प्रमुख विषय रहा। पॉल मर्फी ने ऑस्ट्रेलिया में कम पानी और शुष्क जलवायु में अपनाई जाने वाली आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी। राज्यपाल ने आग्रह किया कि इन नवाचारों का लाभ राजस्थान जैसे शुष्क प्रदेश को भी मिले, जिससे किसानों की उत्पादकता बढ़ाई जा सके।

आदिवासी संस्कृति और विरासत के संरक्षण को लेकर भी दोनों पक्षों के बीच सकारात्मक चर्चा हुई। ऑस्ट्रेलिया की एबोरिजिनल समुदाय की सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण के अनुभवों को राजस्थान के आदिवासी क्षेत्रों में उपयोगी बनाने की संभावनाओं पर सहमति बनी। इसी क्रम में ऑस्ट्रेलियाई प्रतिनिधिमंडल अगले एक-दो महीने में उदयपुर स्थित पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र का दौरा कर भविष्य की कार्ययोजना पर विचार करेगा।

बैठक में व्यापार, शिक्षा और वाणिज्यिक संबंधों को मजबूत करने के साथ-साथ दीर्घकालिक सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव डॉ. पृथ्वी, सहकारिता विभाग के शासन सचिव डॉ. समित शर्मा तथा ऑस्ट्रेलियाई महावाणिज्यदूत कार्यालय के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!