Dark Mode
जिला कलक्टर ने सिंहपुर में जनगणना कार्य का किया औचक निरीक्षण

जिला कलक्टर ने सिंहपुर में जनगणना कार्य का किया औचक निरीक्षण

मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के दिए निर्देश

चित्तौड़गढ़। प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने जनगणना 2027 के प्रथम चरण अंतर्गत चल रहे मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य की प्रगति का मंगलवार को कपासन उपखंड की सिंहपुर ग्राम पंचायत में औचक निरीक्षण कर जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने क्षेत्र में संचालित जनगणना गतिविधियों का गहन अवलोकन करते हुए प्रगणकों एवं जनगणना पर्यवेक्षकों से विस्तृत चर्चा की तथा कार्य को पूर्ण गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं निर्धारित समय सीमा में संपादित करने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने घर-घर जाकर एकत्रित किए जा रहे आंकड़ों की प्रक्रिया को समझा तथा संबंधित मकानों पर पहुंचकर भौतिक सत्यापन भी किया। उन्होंने कहा कि जनगणना देश की अत्यंत महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रिया है, जिसके आधार पर भविष्य की विकास योजनाएं एवं नीतियां तैयार की जाती हैं। ऐसे में प्रत्येक जानकारी का सही, स्पष्ट एवं निष्पक्ष रूप से दर्ज किया जाना आवश्यक है। उन्होंने प्रगणकों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रत्येक परिवार से समुचित संवाद स्थापित कर प्रमाणिक एवं तथ्यात्मक जानकारी संकलित की जाए तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि से बचते हुए पूरी जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए। साथ ही जनगणना कार्य को निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने पर भी विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान उप जिला जनगणना अधिकारी शबनम खोरवाल, उपखंड अधिकारी राजेश सुवालका एवं तहसीलदार एवं चार्ज अधिकारी मिर्जा नासिर बेग भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने क्षेत्र में संचालित जनगणना कार्यों एवं व्यवस्थाओं की जानकारी जिला कलक्टर को दी। इस अवसर पर जिला क्षेत्र प्रशिक्षक अश्विनी कुमार व्यास एवं प्रकाश चंद्र शर्मा ने भी प्रगणकों को तकनीकी सहायता प्रदान करते हुए जनगणना एप्लीकेशन में संभावित त्रुटियों के समाधान एवं सुधार प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी। इससे फील्ड स्तर पर कार्यरत कार्मिकों को तकनीकी समस्याओं के त्वरित निराकरण में सहायता मिलेगी। निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने भी जनगणना दल को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराते हुए सकारात्मक सहयोग प्रदान किया।जिला प्रशासन द्वारा सभी कार्मिकों को समर्पण, जिम्मेदारी एवं जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि जनगणना कार्य सफलतापूर्वक एवं प्रभावी ढंग से संपन्न हो सके।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!