Dark Mode
गुजरात में 'आप' की लोकप्रियता से घबराई भाजपा सरकार... केजरीवाल का आरोप

गुजरात में 'आप' की लोकप्रियता से घबराई भाजपा सरकार... केजरीवाल का आरोप

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को पत्र लिखकर मिलने के लिए समय मांगा है। इसके साथ ही गुजरात सरकार पर बड़ी संख्या में आप कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करने का आरोप लगाया है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को लिखे पत्र में अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि गुजरात में पंचायत और नगर पालिका चुनावों के पहले अवैध रूप से बहुत बड़े स्तर पर हमारे कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया जा रहा है। 160 से अधिक कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया जा चुका है और अभी दस हजार से ज्यादा को गिरफ्तार करने की योजना है। “आप” की बढ़ती लोकप्रियता से भाजपा बुरी तरह से बौखलाई हुई है। इस तरह की गिरफ्तारियों और गुंडागर्दी को गुजरात के लोग पसंद नहीं करते, वे इसका जवाब जरूर देंगे। पत्र में लिखा है, "पिछले 30 साल से गुजरात में भाजपा की सरकार है। भाजपा के भ्रष्टाचार, अत्याचार और दमन के कुशासन से जनता बहुत परेशान हो चुकी है। भाजपा गुजरात में कांग्रेस के साथ मिलीभगत से पिछले 30 साल से सरकार चला रही है। आम आदमी पार्टी के रूप में लोगों को पहली बार एक मजबूत विकल्प मिला है। लोग जानते हैं कि आम आदमी पार्टी एक निडर, ईमानदार, देशभक्त और पढ़े-लिखे लोगों की पार्टी है। आम आदमी पार्टी भाजपा से कभी समझौता नहीं करेगी। इसी कारण पिछले कुछ सालों में गुजरात में आम आदमी पार्टी की लोकप्रियता बहुत तेजी से बढ़ रही है। पूरे गुजरात में अब यह आम चर्चा का विषय है कि भाजपा जा रही है, आम आदमी पार्टी की सरकार आ रही है। इसी कारण भाजपा ने आम आदमी पार्टी के खिलाफ अब एक षड्यंत्र रचा है कि पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लो, जिससे पार्टी ही न बचे।"
पत्र में लिखा है कि "षड्यंत्र के तहत पिछले तीन महीनों में गुजरात में आम आदमी पार्टी के 160 से ज्यादा कार्यकर्ताओं को भाजपा सरकार गिरफ़्तार कर चुकी है। इसी कड़ी में पुलिस ने गुजरात में आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ईशुदान गढ़वी को भी गिरफ्तार किया और देर रात छोड़ा। वह अपने कार्यकर्ताओं की हो रही अवैध गिरफ्तारी की जानकारी लेने थाने गए थे। गुजरात पुलिस की यह कार्रवाई गुजरात में होने वाले स्थानीय निकाय चुनाव से पहले और तेजी से बढ़ी है। इससे यह संदेश जा रहा है कि भाजपा पुलिस के दम पर स्थानीय निकाय चुनाव जीतना चाहती है।"
केजरीवाल ने आरोप लगाया कि पिछले 48 घंटों में गुजरात पुलिस की आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के पीछे भी एक खास पैटर्न साफ तौर पर दिख रहा है, जिसके तहत आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को सड़क पर स्कूटर या मोटरसाइकिल में पीछे से आए कुछ गुंडे रोकते हैं, उनसे मारपीट और गाली-गलौज करते हैं। वे गुंडे क्राइम ब्रांच को फोन करते हैं, क्राइम ब्रांच वाले दो मिनट में मौके पर पहुंच जाते हैं और हमारे कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लेते हैं। ऐसे लगता है कि क्राइम ब्रांच वालों के पास उन गुंडों के फोन का ही इंतज़ार कर रहे हों।
केजरीवाल ने लिखा है कि इन्हीं मुद्दों के लेकर मैं और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान गुजरात के नेताओं के साथ मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से मिलना चाहते हैं। उम्मीद है कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल जल्द से जल्द मिलने का समय देंगे।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!