Dark Mode
भाजपा नेता की गला रेतकर हत्या

भाजपा नेता की गला रेतकर हत्या

जयपुर। जयपुर ग्रामीण जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के पूर्व मंडल अध्यक्ष एवं स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता रामवतार असवाल उर्फ पप्पू की निर्मम हत्या से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से गला रेतकर वारदात को अंजाम दिया। सोमवार देर रात वे मनोहरपुर बस स्टैंड के समीप स्थित अपने कबाड़ गोदाम में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले, जहां से उन्हें निम्स अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रणवीर सिंह ने बताया कि मनोहरपुर निवासी रामवतार असवाल ( 52) कबाड़ व्यवसाय से जुड़े हुए थे और भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा में सक्रिय भूमिका निभा चुके थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सोमवार शाम करीब 7.30 बजे एक व्यक्ति उनके गोदाम पर आया था। आशंका है कि उसी दौरान धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या की गई। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजन गोदाम पहुंचे, जहां रामवतार खून से लथपथ पड़े मिले। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। पुलिस का कहना है कि मृतक ने हमलावर से बचाव का प्रयास किया था, जिसके चलते उनकी कलाई पर भी गहरा घाव मिला है। वहीं इधर घटना की सूचना मिलते ही पूरे मनोहरपुर क्षेत्र में शोक और आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण, परिजन और भाजपा कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। देर रात करीब 12.30 बजे एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने गोदाम और आसपास के क्षेत्रों को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है।

इधर हत्या से आक्रोशित परिजन और ग्रामीण मंगलवार सुबह मनोहरपुर थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी, मृतक के परिवार को एक करोड़ रुपए का मुआवजा तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग रखी। परिजनों ने चेतावनी दी कि आरोपितों की गिरफ्तारी तक आंदोलन जारी रहेगा।

धरने में शाहपुरा विधायक मनीष यादव, पूर्व विधायक आलोक बेनीवाल, भाजपा नेता उपेन यादव, दिगराज सिंह, प्रवीण व्यास, महेंद्र चौधरी और राजेश जांगिड़ सहित कई जनप्रतिनिधि भी पहुंचे और प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मनोहरपुर कस्बे और थाने के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। एसडीएम संजीव कुमार खेदड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रणवीर सिंह, डीएसपी रामावतार तथा थानाधिकारी सुरेंद्र सिंह ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर समझाइश का प्रयास किया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रणवीर सिंह ने बताया कि मामले की जांच के लिए चार विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश का एंगल सामने आया है, हालांकि हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा अभी नहीं हुआ है। पुलिस मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल्स, हालिया गतिविधियों और संभावित विवादों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।

इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद पूरे मनोहरपुर क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है, जबकि ग्रामीण और परिजन न्याय की मांग को लेकर आंदोलन पर डटे हुए हैं।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!