Dark Mode
बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, 8 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद

बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, 8 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद

देवरिया। जिले में बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली पुलिस और एंटी थेफ्ट टीम की संयुक्त कार्रवाई में एक बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से कुल आठ चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।

अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आनंद कुमार पाण्डेय ने पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि बुधवार तड़के मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने चीनी मिल ग्राउंड के पास घेराबंदी की। इस दौरान दो युवकों को चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ पकड़ लिया गया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बिहार के सिवान जिले के विलासपुर निवासी 23 वर्षीय सुमित कुमार और गोपालगंज जिले के भोरे बाजार निवासी 20 वर्षीय विकास कुमार के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने वाहन चोरी की वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की।

पुलिस के अनुसार, आरोपी विभिन्न क्षेत्रों से मोटरसाइकिलें चोरी कर उन्हें सुनसान स्थानों पर छिपाकर रखते थे। बाद में खरीदार मिलने पर इन वाहनों को बेच दिया जाता था। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने चीनी मिल गेट के पास झाड़ियों में छिपाकर रखी गई छह अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद कर लीं।

इस कार्रवाई के बाद कुल आठ चोरी की बाइक पुलिस के कब्जे में आई हैं। बरामद वाहनों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है ताकि उनके वास्तविक मालिकों तक उन्हें पहुंचाया जा सके।

एएसपी ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है। साथ ही पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य संभावित सदस्यों की तलाश में भी जुटी हुई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!