असम में फिर हिमंता पर भरोसा, भाजपा नेताओं ने दी बधाई
नई दिल्ली। हिमंता बिस्व सरमा को असम में विधायक दल का नेता चुनने पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी, उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी समेत भाजपा शासित राज्यों के सीएम ने उन्हें बधाई दी। असम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गंठबंधन (एनडीए) ने एक बार फिर हिमंता बिस्वा सरमा पर विश्वास जताया है। भाजपा विधायक दल और एनडीए विधायक दल की बैठक में उन्हें सर्वसम्मति से नेता चुना गया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा,'' हिमंता बिस्वा सरमा को भाजपा असम व एनडीए विधायक दल का नेता चुने जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।''
उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पोस्ट में लिखा,''असम में हिमंता बिस्वा सरमा को एनडीए विधायक दल का नेता चुने जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। निश्चित रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व एवं आपकी दृढ़ प्रतिबद्धता से असम में डबल इंजन सरकार के संकल्प को और अधिक मजबूती मिलेगी तथा विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर असम के निर्माण का स्वप्न साकार होगा।''
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हिमंता सरमा को बधाई देते हुए लिखा,''हिमंता बिस्वा सरमा को भाजपा एवं एनडीए विधायक दल का नेता चुने जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। असम में भारतीय जनता पार्टी को लगातार तीसरी बार सेवा का अवसर देने के लिए प्रदेश की जनता का हार्दिक आभार। जनता का यह ऐतिहासिक जनादेश और आशीर्वाद प्रदेश की प्रगति को नई गति प्रदान करेगा।''
हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने एक्स पोस्ट में लिखा,''जन-जन में बेहद लोकप्रिय हिमंता बिस्वा सरमा को भाजपा एवं एनडीए विधायक दल का नेता चुने जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। असम के सम्मानित नागरिकों ने लगातार तीसरी बार विकास, स्थिरता और सुशासन के पक्ष में अपना प्रचंड जनादेश देकर एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया है कि राज्य अब निरंतर प्रगति और परिवर्तन के पथ पर अग्रसर है। हमें पूरा विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में डबल इंजन सरकार 'विकसित असम' के संकल्प को नई रफ्तार और मजबूती देते हुए 'विकसित भारत' के लक्ष्य को साकार करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाएगी।''
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने लिखा,'' हिमंता बिस्वा सरमा को सर्वसम्मति से असम के एनडीए विधायक दल का नेता चुने जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आपके नेतृत्व में असम प्रगति, विकास और जनकल्याण के नए प्रतिमान स्थापित करेगा।''