वैलेंटाइन पर अक्षरा सिंह का दर्दभरा रोमांस, ‘चांद तलक’ ने छुआ दिल
मुंबई। भोजपुरी इंडस्ट्री में वैलेंटाइन वीक की शुरुआत अक्षरा सिंह के नए गाने ‘चांद तलक’ के साथ खास बन गई है। इस गाने में प्यार, उम्मीद और दर्द का ऐसा मेल दिखाया गया है, जो सीधे दिल को छू जाता है।
गाने में अक्षरा सिंह और विक्रांत सिंह राज की जोड़ी बेहद खूबसूरत नजर आ रही है। दोनों एक-दूसरे से बेइंतहा मोहब्बत करते हैं और साथ जिंदगी बिताने के सपने देखते हैं। लेकिन उनकी राह में परिवार सबसे बड़ी रुकावट बनकर खड़ा हो जाता है।
कहानी आगे बढ़ते हुए एक दर्दनाक मोड़ लेती है, जब दोनों प्यार के लिए घर छोड़कर नई दुनिया बसाने की कोशिश करते हैं। शुरुआत में गाना मीठे पलों से भरा नजर आता है, लेकिन अंत में ऑनर किलिंग जैसी सच्चाई इसे बेहद भावुक बना देती है।
‘चांद तलक’ को अक्षरा सिंह और सुगम सिंह ने अपनी आवाज दी है। इसके बोल धरम हिंदुस्तानी ने लिखे हैं, जबकि संगीत अभिषेक तिवारी का है। वेलेंटाइन वीक के माहौल में यह गाना दर्शकों को काफी पसंद आ रहा है।
अक्षरा और विक्रांत की जोड़ी को इससे पहले फिल्म ‘रुद्रशक्ति’ में भी खूब सराहना मिली थी। इस फिल्म में शिव-पार्वती जैसे पवित्र प्रेम की झलक देखने को मिली थी, जिसे दर्शकों ने पसंद किया।
गौरतलब है कि अक्षरा सिंह लगातार नए सिंगल सॉन्ग्स से फैंस को सरप्राइज दे रही हैं। हाल ही में उनका ‘बलम जी हॉट लगेला’ भी रिलीज हुआ था। अब आने वाले दिनों में उनके होली स्पेशल गानों का भी फैंस को इंतजार है।