Dark Mode
पर्वों को लेकर प्रशासन अलर्ट, शांति समिति ने बनाई सुरक्षा रणनीति

पर्वों को लेकर प्रशासन अलर्ट, शांति समिति ने बनाई सुरक्षा रणनीति

झालावाड़। आगामी धार्मिक और सामाजिक पर्वों को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। श्रावण मास, कांवड़ यात्राओं, बारावफात और रक्षाबंधन के दौरान जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बुधवार को जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।

मिनी सचिवालय के सभाकक्ष में हुई बैठक की अध्यक्षता जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अजय सिंह राठौड़ ने की। बैठक में धार्मिक आयोजनों के दौरान यातायात व्यवस्था, सुरक्षा, पेयजल, बिजली, स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर विभागीय तैयारियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

जिला कलक्टर ने कहा कि झालावाड़ की पहचान आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता के लिए रही है। जिले के सभी धर्मों और समुदायों के लोग मिल-जुलकर पर्व मनाते आए हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन और पुलिस शांति समिति के सदस्यों के साथ समन्वय बनाकर काम कर रहे हैं, ताकि सभी आयोजन शांतिपूर्ण और गरिमापूर्ण माहौल में संपन्न हों।

उन्होंने समिति के सदस्यों से अपने-अपने क्षेत्रों में संवाद बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक सूचना को आगे नहीं बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि संदिग्ध या संवेदनशील जानकारी मिलने पर तुरंत प्रशासन को सूचित किया जाए। जिला कलक्टर ने लोगों से सभी पर्व भाईचारे, एकजुटता और सामाजिक सद्भाव के साथ मनाने की अपील की।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि आगामी पर्वों को ध्यान में रखते हुए जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जा रही है। प्रमुख धार्मिक स्थलों, कांवड़ यात्रा के रास्तों और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। पुलिस की ओर से असामाजिक और शरारती तत्वों पर विशेष निगरानी रखने की भी बात कही गई।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि छोटी से छोटी घटना की सूचना भी समय पर मिलने से स्थिति को बिगड़ने से रोका जा सकता है। उन्होंने शांति समिति के सदस्यों और आमजन से किसी भी घटना या आशंका की जानकारी तत्काल पुलिस और प्रशासन को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल बनाने में जनता की भागीदारी अहम है।

बैठक में समिति के सदस्यों ने धार्मिक जुलूसों के मार्ग, यातायात नियंत्रण, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति और चिकित्सा सुविधाओं से जुड़े सुझाव दिए। अधिकारियों ने सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए।

इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा, पुलिस उपाधीक्षक हर्षराज सिंह खरेड़ा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जिला स्तरीय शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!