Dark Mode
पार्किंग विवाद में चली गोली, युवक की मौत

पार्किंग विवाद में चली गोली, युवक की मौत

नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार इलाके में पार्किंग को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें गोली लगने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपित अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 20 अप्रैल की रात 2 बजकर 20 मिनट पर गोली चलने और झगड़े की सूचना कंट्रोल रूम को मिली। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि झगड़ा प्रीत विहार स्थित ए-144 पते पर हुआ, जहां पार्किंग को लेकर पंकज नैय्यर (34) और उनके भाई परास (43) का गौरव शर्मा के साथ विवाद हो गया। विवाद के दौरान आरोप है कि गौरव शर्मा ने गोली चला दी, जो पंकज नैय्यर के सीने में जा लगी। गंभीर रूप से घायल पंकज को तुरंत मलिक रेडिक्स हेल्थ केयर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद आरोपित और उसके साथी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 115(2), 3(5) तथा शस्त्र अधिनियम की धारा 25/27 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

फिलहाल पुलिस आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी कर रही है और आरोपितों की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग पार्किंग जैसे छोटे विवाद के कारण हुई इस वारदात से सहमे हुए हैं।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!