Dark Mode
जयपुर में शादी का झांसा देकर युवती से रेप, 80 लाख की ठगी का आरोप

जयपुर में शादी का झांसा देकर युवती से रेप, 80 लाख की ठगी का आरोप

जयपुर. जयपुर में शादी का भरोसा दिलाकर एक युवती से कथित यौन शोषण और 80 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। दिल्ली की रहने वाली युवती ने मेरठ निवासी 27 वर्षीय युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने मैट्रिमोनी वेबसाइट के जरिए युवती से संपर्क किया था और खुद को इनकम टैक्स विभाग में इंस्पेक्टर बताया था।

विधायकपुरी थाना पुलिस ने मामले में फरार चल रहे आरोपी को उत्तर प्रदेश के मेरठ स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहां से तीन दिन का पुलिस रिमांड मिला। अब जांच के दौरान पुलिस आरोपी से कथित ठगी, पैसों के लेन-देन और पूरे घटनाक्रम को लेकर पूछताछ कर रही है।

शादी डॉट कॉम पर हुई थी पहचान

डीसीपी साउथ राजर्षिराज के मुताबिक, युवती की आरोपी से दिसंबर 2025 में शादी डॉट कॉम के जरिए बातचीत शुरू हुई थी। बातचीत बढ़ने के साथ आरोपी ने शादी करने का भरोसा दिलाया। युवती की शिकायत के अनुसार, इसी दौरान दोनों मिलने लगे और आरोपी उसे दिल्ली से जयपुर लेकर आया।

युवती ने आरोप लगाया कि जयपुर के अलग-अलग होटलों में शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए गए। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी ने दिल्ली में फ्लैट खरीदने, रिश्वत देने और नौकरी से जुड़ी परेशानियों का हवाला देकर उससे अलग-अलग समय पर करीब 80 लाख रुपये ले लिए।

दूसरी लड़की से संबंध का पता चलने पर खुला मामला

शिकायत के मुताबिक, युवती को बाद में आरोपी के किसी दूसरी लड़की के साथ प्रेम संबंध होने की जानकारी मिली। इस बात को लेकर विवाद हुआ तो आरोपी ने कथित तौर पर अपने मोबाइल नंबर बंद कर दिए। इसके बाद युवती को शक हुआ और जांच करने पर उसे आरोपी की मैट्रिमोनी प्रोफाइल फर्जी होने का पता चला।

धोखाधड़ी का एहसास होने पर युवती ने दिल्ली के पालम विलेज थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामला जयपुर से जुड़ा होने के कारण वहां जीरो नंबर एफआईआर दर्ज कर विधायकपुरी थाने भेजी गई। इसके बाद जयपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

मेरठ में घर से पकड़ा गया आरोपी

विधायकपुरी थाना प्रभारी महेश चंद के अनुसार, जांच के दौरान आरोपी की पहचान मेरठ के भावनपुर क्षेत्र स्थित गंगानगर निवासी सरस्वती सागर के रूप में हुई। उसकी तलाश में पुलिस टीम उत्तर प्रदेश भेजी गई। कॉन्स्टेबल भाग्यवर्धन सिंह और रवि कुमार ने आरोपी के घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया।

फिलहाल आरोपी पुलिस रिमांड पर है और मामले में आगे की जांच जारी है। युवती की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस पूछताछ में पैसों के लेन-देन और आरोपी की कथित फर्जी पहचान से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल करेगी।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!