जयपुर में एक्स-बॉयफ्रेंड की धमकी, युवती परेशान
जयपुर. जयपुर में एक युवती ने अपने पूर्व प्रेमी के खिलाफ मानसिक रूप से परेशान करने, ब्लैकमेल करने और धमकियां देने की शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी उसकी शादी में बाधा डाल रहा है और निजी तस्वीरों को सार्वजनिक करने की धमकी देकर उस पर दोबारा दोस्ती करने का दबाव बना रहा है।
पुलिस के अनुसार, 26 वर्षीय युवती की आरोपी से पहचान एक ही समाज से होने के कारण हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद दोनों के बीच दोस्ती हो गई। करीब चार से पांच साल तक दोनों संपर्क में रहे और मिलते-जुलते भी थे। हालांकि, वर्ष 2023 में उनकी दोस्ती टूट गई और बातचीत बंद हो गई।
तीन साल से धमकाने का आरोप
युवती की शिकायत के मुताबिक, बातचीत बंद होने के बाद आरोपी उसे फोन कर धमकाने लगा। आरोप है कि वह निजी तस्वीरें वायरल करने की बात कहकर उसे ब्लैकमेल करता और दोबारा दोस्ती करने के लिए दबाव डालता था।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि जब भी उसकी शादी की बात आगे बढ़ती, आरोपी संभावित वर पक्ष से संपर्क कर रिश्ता तुड़वाने की कोशिश करता था। लगातार मिल रही धमकियों और शादी के रिश्तों में कथित तौर पर बाधा पहुंचाए जाने से परेशान होकर युवती ने मंगलवार शाम पुलिस से शिकायत की।
थानाधिकारी के मुताबिक, मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। मामले में आरोपी के खिलाफ आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।