आपसी सद्भाव एवं एकता से बढ़ेंगे आगे - जूली
अलवर। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री टीकाराम जूली ने कहा कि मेले व उत्सव से आपसी सौहार्द एवम भाईचारा बढ़ता है ऐसे आयोजन हमें निश्चित तौर पर सामूहिक रूप से एकजुट रहने का संदेश देते हैं। मंत्री जूली शुक्रवार को अलवर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के धोलीदुब में संत लाल दास मंदिर में उनके जन्मोत्सव कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अरावली की सुरम्य पहाड़ियों के बीच बसा यह मंदिर सांप्रदायिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि शैशव अवस्था में संत लालदास ने अंतर्मुखी रहकर भगवान का चिंतन मनन किया। उन्होंने कहा कि राजस्थान के सिंहद्वार का मेवात क्षेत्र सिद्ध संतों की तपोभूमि रहा है यहां अनेक मनीषियों ने तप कर अलवर को अपनी कर्मभूमि बनाया है यह हमारे लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि बाबा श्री लाल दास महाराज का जन्म अलवर जिले के धोलीदूब अंचल में हुआ यहां न केवल राजस्थान बल्कि अन्य राज्यों से भी श्रद्धालु दर्शन करने आते हैं। *जरूरतमंद बच्चों को पाठ्य सामग्री की वितरित*। कैबिनेट मंत्री टीकाराम जूली ने मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में उपस्थित विद्यार्थियों एवं नन्हे-मुन्ने बच्चों को पाठ्य सामग्री वितरित की।उन्होंने कहा कि इन पाठ्य सामग्री से बच्चों को शिक्षा ग्रहण करने में सहूलियत होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा जरूरतमंद बच्चों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा प्रदान करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाए है। उन्होंने कहा कि गरीब तबके के बच्चों को बेहतर शिक्षा प्रदान करने हेतु प्रदेशभर में महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं एवं बालिका शिक्षा को बढावा देने के उद्देश्य से उच्च शिक्षा में बालिका शिक्षा को निःशुल्क किया गया है। इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष जफरु खान, मंदिर पुजारी रतनलाल, सरपंच आरिफ खान,इमरान खान,हासिम खान खेमचंद जांगिड़, दुर्गा प्रसाद, सोहनपा,हरलाल, गिर्राज, होलिया जांगिड़ सहित बड़ी संख्या में पुरूष व महिला श्रद्धालु उपस्थित रहे ।