Dark Mode
IPL 2026 प्लेऑफ में किस टीम का पलड़ा भारी?

IPL 2026 प्लेऑफ में किस टीम का पलड़ा भारी?

नई दिल्ली। 70 लीग मुकाबलों के बाद आईपीएल 2026 अपने अंतिम पड़ाव की तरफ बढ़ चला है। मंगलवार से प्लेऑफ के रोमांच की शुरुआत होगी। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी), गुजरात टाइटंस (जीटी), सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) और राजस्थान रॉयल्स (आरआर) ने अंतिम चार में जगह बनाई है। आइए समझते हैं कि इन चारों में खिताब की प्रबल दावेदार कौन सी टीम नजर आ रही है और क्यों। खिताब बचाने का आरसीबी के पास मौका: डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी के पास इस बार खिताब का बचाव करने का सुनहरा मौका है। रजत पाटीदार की अगुवाई में आरसीबी के लिए इस सीजन सबकुछ सही घटा है। बल्लेबाजी में विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार, क्रुणाल पांड्या और टिम डेविड अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं, वेंकटेश अय्यर भी भरोसे पर खरे उतरे हैं। गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार इस सीजन बल्लेबाजों के लिए सिरदर्द बने हुए हैं। वहीं, रसिख सलाम और जोश हेजलवुड ने उनका अच्छा साथ निभाया है। आरसीबी के साथ इस सीजन में सबसे बड़ी दिक्कत यह रही है कि टॉप ऑर्डर के फेल होने की स्थिति में टीम बड़े टोटल तक नहीं पहुंच पाई है। रजत को छोड़कर पारी को संवारने और फिर फिनिश करने वाले बल्लेबाज की जिम्मेदारी किसी ने नहीं उठाई है।
दूसरे खिताब पर गुजरात टाइटंस की निगाहें: शुभमन गिल की कप्तानी में गुजरात टाइटंस का प्रदर्शन इस सीजन कमाल का रहा है। साई सुदर्शन और गिल की सलामी जोड़ी ने आईपीएल 2026 में भी अपनी बल्लेबाजी से खासा प्रभावित किया है। वहीं, नंबर तीन की पोजीशन पर जोस बटलर का प्रदर्शन भी दमदार रहा है। गेंदबाजी में मोहम्मद सिराज और कगिसो रबाडा की जोड़ी ने पिछले कुछ मुकाबलों में खासा प्रभावित किया है। वहीं, प्रसिद्ध कृष्णा अहम मौकों पर विकेट निकालने की काबिलियत रखते हैं। राशिद खान का सही समय पर फॉर्म में लौटना टीम के लिए सोने पर सुहागे जैसा है। जीटी के साथ इस सीजन दिक्कत टीम का मध्यक्रम रहा है। गिल-सुदर्शन के फ्लॉप होने की स्थिति में टीम का बल्लेबाजी क्रम बुरी तरह से लड़खड़ा जाता है।
दमदार दिख रही सनराइजर्स हैदराबाद: सनराइजर्स हैदराबाद के लिए भले ही आईपीएल 2026 की शुरुआत अच्छी न रही हो, लेकिन टीम ने जबरदस्त वापसी की है। अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड की जोड़ी लय में हैं, तो नंबर तीन की पोजीशन पर ईशान किशन के बल्ले से लगातार रन निकल रहे हैं। हेनरिक क्लासेन की जबरदस्त फॉर्म ने टीम के मिडिल ऑर्डर को मजबूती दी है। नीतीश कुमार रेड्डी भी बल्ले और गेंद दोनों से अहम योगदान दे रहे हैं। गेंदबाजी में ईशान मलिंगा अच्छी लय में दिखाई दिए है, साकिब हुसैन ने भी अपनी गेंदबाजी से काफी प्रभावित किया है। एसआरएच के साथ सबसे बड़ी दिक्कत अच्छे स्पिनर की कमी रही है, जो एलिमिनेटर में टीम का खेल बिगाड़ सकती है।
राजस्थान रॉयल्स के पास सूखा खत्म करने का मौका: रियान पराग की कप्तानी में राजस्थान रॉयल्स ने शुरुआत तो धमाकेदार की थी, लेकिन प्लेऑफ में टीम गिरते-पड़ते हुए पहुंची है। वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल की सलामी जोड़ी आरआर की सबसे बड़ी ताकत है। वहीं, नंबर तीन पर ध्रुव जुरेल उम्मीदों पर खरे उतरे हैं। कप्तान रियान पराग का फॉर्म में लौटना प्लेऑफ से पहले टीम के लिए राहत भरी खबर है। जोफ्रा आर्चर और नांद्रे बर्गर की जोड़ी ने अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया है। वहीं, बृजेश शर्मा भी छाप छोड़ने में सफल रहे हैं। स्पिन विभाग में रवींद्र जडेजा ने अपने काम को बखूबी अंजाम दिया है। आरआर के लिए बड़ी समस्या वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल की सलामी जोड़ी पर जरूरत से ज्यादा निर्भरता रही है। इन दोनों के न चलने पर बल्लेबाजी क्रम दबाव में आ जाता है।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!