राजस्थान विधानसभा में कांग्रेस के हंगामे के बीच UCC बिल पेश
जयपुर। राजस्थान विधानसभा के मानसून सत्र की कार्यवाही दूसरे दिन शुक्रवार को केवल 66 मिनट चली। सुबह कार्यवाही शुरू होने के साथ ही कांग्रेस विधायकों ने हंगामा कर दिया। प्रश्नकाल में 5 मिनट, शून्यकाल में 18 मिनट कार्यवाही चली। दो बार सदन की कार्यवाही स्थगित हुई। हंगामे के बीच विधानसभा में समान नागरिक संहिता ( यूसीसी) बिल पेश हुआ। बिल पेश होने के बाद कांग्रेस विधायकों ने कार्यवाही का बॉयकॉट कर दिया। इसके बाद सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो गई। इससे पहले सुबह सदन की कार्यवाही शुरू होते ही नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कांग्रेस विधायकों को विधानसभा गेट पर रोके जाने का मुद्दा उठाते हुए इस पर चर्चा कराने को कहा था। उन्होंने सीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट पर भी सरकार को घेरा था। स्पीकर ने प्रश्नकाल के बीच मुद्दा उठाने की अनुमति नहीं दी थी। इसके बाद कांग्रेस विधायकों ने वेल में नारेबाजी की और सरकार भगोड़ी है के पोस्टर लहराए थे। वहीं, भाजपा विधायकों ने राहुल गांधी को भगोड़ा और चोर बताते हुए नारेबाजी की थी।
केवल 66 मिनट चला सदन
विधानसभा में अनुपूरक अनुदान की मांगें और तीन बिल पारित करवाने के बाद सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई। आज केवल 1 घंटा 6 मिनट ही सदन चला। आज प्रश्नकाल और शून्यकाल की कार्यवाही हंगामे की भेंट चढ़ गई। प्रश्नकाल में 5 मिनट, शून्यकाल में 18 मिनट कार्यवाही चली। दो बार सदन की कार्यवाही स्थगित हुई। तीसरी बार कार्यवाही स्थगित होने पर हंगामे के बाद कांग्रेस विधायक बायकॉट करके चले गए। तीसरी बार 43 मिनट सदन चला।
स्पीकर बोले- ग्रुप में विधानसभा के गेट से आने की अनुमति न पहले थी न आगे होगी
कांग्रेस विधायकों को गुरुवार को विधानसभा के गेट पर रोके जाने और कांग्रेस के हंगामे पर स्पीकर वासुदेव देवनानी ने कहा- विधानसभा का गेट आज भी खुला है और कल भी खुला था। एमएलए फ्लैट्स कैंपस में रहने वालों के लिए गेट खुला रहता है। ग्रुप में विधानसभा के गेट से आने की अनुमति न पहले थी न आगे होगी। विधायकों के लिए गेट गुरुवार को भी खुला था, लेकिन गुरुवार को ग्रुप में एमएलए आए तो बाहर के दो लोग आ गए थे। उन्हें सुरक्षाकर्मियों ने पहचानकर बाहर निकाला। मार्शल ने मुझे जानकारी दी कि विधानसभा के गेट पर गुरुवार को दो-तीन लोग चढ़े। यह नियमों के हिसाब से अवांछनीय है, भविष्य में इस तरह की बातें नहीं हो, यह अपील करता हूं।
संसदीय कार्य मंत्री बोले- कांग्रेस में खींचतान
कांग्रेस के बायकॉट के बाद संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा- कांग्रेस में आपसी खींचतान है। खींचतान इस कदर हावी है कि क्रेडिट नेता प्रतिपक्ष को क्रेडिट नहीं मिल जाए, इसलिए जानबूझकर हंगामा किया गया। कल भी इन्होंने गलत धरना दिया गया। मीडिया के सामने गलत बयानबाजी की गई। इन्होंने विधानसभा से भागने का काम किया है। सदन में प्रश्नकाल से लेकर किसी मुद्दे पर नहीं बोले। राजस्थान की जनता सब देख रही है।
कांग्रेस विधायकों का सदन की कार्यवाही से बायकॉट
हंगामे के बाद कांग्रेस विधायक 1 बजकर 21 मिनट पर सदन की कार्यवाही से बायकॉट करके चले गए। इससे पहले नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा- हमें सदन में जनता के मुद्दे उठाने की अनुमति मिल नहीं रही। स्पीकर ने कांग्रेस विधायकों से कहा कि पहले वित्त से संबंधी अनुदान की मांगों को पारित होने दीजिए। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा- सरकार अपना बिजनेस पूरा करना चाहती है, लेकिन जनता के मुद्दों का क्या होगा? इसके बाद नेता प्रतिपक्ष ने सदन की कार्यवाही से बायकॉट करके जाने की घोषणा की। कांग्रेस विधायकों की गैर मौजूदगी में ही सदन की कार्यवाही चल रही है।
हंगामे के बीच विधानसभा में रखा गया यूसीसी बिल
कांग्रेस विधायकों के हंगामे के बीच विधानसभा में समान नागरिक संहिता ( यूसीसी) बिल विधानसभाा में रखा गया। संसदीय कार्य और कानून मंत्री जोगाराम पटेल ने यूसीसी बिल को सदन में रखा। अब इस बिल को बाद में बहस के बाद पारित करवाया जाएगा।
विधानसभा में हंगामा जारी
विधानसभा की दोपहर एक बजे कार्यवाही शुरू होने पर भी कांग्रेस विधायकों का हंगामा जारी रहा। कांग्रेस विधायकों के हंगामे के बीच ही सदन का कामकाज चलता रहा। इस बीच नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने स्कूलों का निरीक्षण करने गए सीजेपी कार्यकर्ताओं की पिटाई का मामला उठाते हुए सरकार से जवाब मांगा। स्पीकर ने कांग्रेस विधायकों से हंगामा शांत कर सीटों पर जाने को कहा, लेकिन हंगामा जारी रहा।