यूएई की कंपनियां राजस्थान के हॉस्पिटिलिटी सेक्टर में निवेश करने को इच्छुक
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को जयपुर के रामबाग पैलेस होटल में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के अर्थव्यवस्था एवं पर्यटन मंत्री अब्दुल्ला बिन तौक-अल-मरी के साथ यूएई-राजस्थान टूरिज्म और इन्वेस्टमेंट राउंड टेबल बैठक में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने यूएई को राजस्थान में ऊर्जा, हॉस्पिटिलिटी सहित विभिन्न क्षेत्रों में निवेश के लिए आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि किले, महल, हवेलियों, रेगिस्तान, अभ्यारण्य, जेम्स एंड ज्वेलरी, हैंडिक्राफ्ट, टैक्सटाइल्स, खनिज से समृद्ध राजस्थान में यूएई की कंपनियों के लिए निवेश की अपार संभावनाएं हैं। राजस्थान में निवेश के लिए प्रदेश सरकार हर संभव सहयोग करेगी। यहां निवेश करने पर केवल फायदा ही होगा, नुकसान नहीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अनुकूल औद्योगिक वातावरण के लिए राजस्थान एयरोस्पेस एंड डिफेंस सहित कई नीतियां लागू की हैं। आज ऊर्जा के क्षेत्र में राजस्थान तेजी से आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर है। वहीं, प्रधानमंत्री के विकास भी, विरासत भी के मूल मंत्र के अनुरूप हमारी सरकार ने शेखावाटी की 662 ऐतिहासिक हवेलियों को संरक्षण के लिए भी चिन्हित किया है। मुख्यमंत्री ने यूएई नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि खाड़ी संकट के दौरान यूएई ने भारतीय समुदाय की सुरक्षा और आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखा। उन्होंने कहा कि भारत और यूएई नेतृत्व के रिश्ते लगातार मजबूत हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मई 2026 में यूएई की यात्रा ने इस साझेदारी को नई गति दी है। दोनों देशों के बीच पिछले दो वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार लगातार 100 अरब डॉलर से अधिक रहा है। उन्होंने कहा कि यूएई में रहने वाले करीब 45 लाख भारतीय दोनों देशों के बीच एक मजबूत पुल हैं। इसमें राजस्थान के भी बहुत से प्रवासी शामिल हैं। यूएई के अर्थव्यवस्था एवं पर्यटन मंत्री अब्दुल्ला बिन तौक-अल-मरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और महामहिम शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के रिश्ते बेहद खास हैं। उन्होंने कहा कि भारत सरकार और यूएई के मध्य कॉम्प्रिहेन्सिव इकोनॉमिक पार्टनरशिप एग्रीमेंट (सीईपीए) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। अब्दुल्ला बिन तौक-अल-मरी ने भारत के प्रति अपने लगाव को रेखांकित करते हुए कहा कि यहां के व्यंजन अद्भुत हैं, विशेषकर राजस्थान की काजूकतली। उन्होंने कहा कि हॉस्पिटिलिटी का राजस्थान की तरह ही यूएई में बड़ा योगदान है। यूएई की कंपनियां राजस्थान के हॉस्पिटिलिटी में निवेश करने को इच्छुक हैं। साथ ही, हम जयपुर और दुबई के बीच हवाई सेवाओं को और बेहतर बनाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि यूएई-राजस्थान टूरिज्म और इन्वेस्टमेंट राउंड टेबल बैठक भारत और यूएई के बीच साझेदारी को और अधिक मजबूत करेगा। इस दौरान यूएई के अर्थव्यवस्था एवं पर्यटन मंत्री ने मुख्यमंत्री को दुबई यात्रा के लिए आमंत्रित भी किया। बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, पर्यटन शासन सचिव शुचि त्यागी, रोटाना होटल ग्रुप के मुख्य रणनीति एवं संपत्ति अधिकारी आमना अल नोवैस, जेए रिसॉर्ट्स एंड होटल्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राल्फ पोर्सियानी, धामानी ग्रुप के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ अमित धामानी, लैंडमार्क ग्रुप के सिटीमैक्स होटल्स एंड फूडमार्क के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राज राणा, मालाबार गोल्ड एंड डायमंड्स के राजस्थान स्टोर हेड सोनू जालम सहित यूएई राजस्थान के हॉस्पिटिलिटी क्षेत्र के प्रतिनिधिगण एवं संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।