चुनाव संचालन के लिए ब्लॉक स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण सम्पन्न
जोधपुर। राज्य निर्वाचन आयोग राजस्थान, जयपुर के दिशा-निर्देशों की अनुपालना में पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव 2026 के सुगम एवं सुचारू संचालन के उद्देश्य से निर्वाचन संबंधी विभिन्न गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन, मतपेटी संबंधी प्रशिक्षण तथा स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित कराने के लिए ब्लॉक स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स (BLMT) का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। जोधपुर जिले की 23 पंचायत समितियों के अंतर्गत स्थित ग्राम पंचायतों में सरपंच एवं पंच पदों के निर्वाचन के सफल संचालन के लिए जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स द्वारा ब्लॉक स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रत्येक ब्लॉक (पंचायत समिति) से 4 BLMT को प्रशिक्षण के लिए आमंत्रित किया गया। मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर पॉलिटेक्निक में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रशिक्षण प्रकोष्ठ की प्रभारी अधिकारी मती चंचल वर्मा ने उपस्थित BLMT को पंचायत चुनाव के दौरान भरे जाने वाले प्रपत्रों को सुव्यवस्थित रूप से भरने तथा उन्हें नियमानुसार उपयुक्त लिफाफों में सुरक्षित बंद करने की प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण प्रकोष्ठ की सह-प्रभारी मति कंचन राठौड़ ने प्रतिभागियों को गहनता एवं गंभीरता के साथ प्रशिक्षण ग्रहण करने का आह्वान किया। सह-प्रभारी एवं अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी कमल व्यास ने नाम निर्देशन, मतदान प्रक्रिया, मतगणना तथा उपसरपंच निर्वाचन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों सहित विभिन्न मॉड्यूल की विस्तृत जानकारी प्रदान की। प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स सर्व विरेन्द्र शर्मा, प्रिन्स व्यास, शेखर पुरोहित, रामलाल, राजेश डी. पुरोहित, सुरज प्रकाश लखारा, डॉ. राजूराम, ललित कुमार, प्रदीप खत्री एवं दिनेश सेवग द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 84 ब्लॉक स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स ने भाग लिया। अनुपस्थित रहने वाले BLMT को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।