चयनित पटवारियों का प्रशिक्षण एवं दस्तावेज सत्यापन कार्यक्रम घोषित
धौलपुर। राजस्व मण्डल राजस्थान, अजमेर द्वारा आयोजित पटवार सीधी भर्ती परीक्षा–2025 में अंतिम रूप से चयनित एवं जिला धौलपुर में आवंटित अभ्यर्थियों के प्रशिक्षण एवं दस्तावेज सत्यापन संबंधी कार्यक्रम की घोषणा कर दी गई है। जिला कलक्टर श्रीनिधि बीटी ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों का प्रशिक्षण अस्थायी पटवार प्रशिक्षण शाला, धौलपुर में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि जिन अभ्यर्थियों के रोल नंबर कार्यालय द्वारा जारी सूची में अंकित हैं, उन्हें दिनांक 23 फरवरी सोमवार,से 25 फरवरी बुधवार तक कार्यालय समय प्रातः 9:30 बजे से सायं 6:00 बजे तक जिला कलेक्ट्रेट धौलपुर के भू-अभिलेख अनुभाग, कक्ष संख्या 28 में अपने समस्त मूल दस्तावेजों सहित उपस्थित होना अनिवार्य है। प्रस्तुत मूल दस्तावेजों के आधार पर प्रमाण-पत्रों का सत्यापन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को उपस्थित होते समय मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी नवीन स्वास्थ्य प्रमाण पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों को 50 रुपए के नॉन-ज्यूडिशियल स्टाम्प पर दहेज नहीं लेने/देने संबंधी शपथ पत्र,धूम्रपान/मद्यपान नहीं करने संबंधी शपथ पत्र ,संतान संबंधी घोषणा पत्र,आपराधिक प्रकरण लंबित/दोषसिद्धि नहीं होने संबंधी शपथ पत्र प्रस्तुत करने होंगे। इसके अलावा अभ्यर्थियों को दो नवीनतम पासपोर्ट आकार के फोटो तथा सेवा क्षतिपूर्ति बंधपत्र (बॉण्ड) भी प्रस्तुत करना होगा। उन्होंने बताया कि नियुक्ति आदेश की प्रति संबंधित चयनित अभ्यर्थियों को उनके निवास स्थान पर डाक द्वारा प्रेषित की जाएगी। साथ ही नियुक्ति आदेश कार्यालय से जारी होने के उपरांत जिला प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट dhoulpur.rajasthan.gov.in पर भी उपलब्ध कराई जाएगी। अभ्यर्थी आवश्यकता होने पर कार्यालय से भी प्रति प्राप्त कर सकते हैं।उन्होंने ने सभी चयनित अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथियों पर समयबद्ध रूप से उपस्थित होकर आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करने की अपील की है, ताकि प्रशिक्षण कार्यक्रम सुचारु रूप से प्रारंभ किया जा सके। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनुपस्थिति की स्थिति में प्रशासन नियमानुसार कार्रवाई करने के लिए बाध्य होगा।