Dark Mode
झालावाड़ में तिरंगे का जोश, बाइक रैली में गूंजे देशभक्ति के नारे

झालावाड़ में तिरंगे का जोश, बाइक रैली में गूंजे देशभक्ति के नारे

झालावाड़। जिलेभर में चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के अंतर्गत मंगलवार को राजस्थान सरकार के ग्रामीण विकास, पंचायतीराज, आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विभाग के राज्यमंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री ओटाराम देवासी के मुख्य आतिथ्य में तिरंगा प्रदर्शनी एवं विशाल तिरंगा बाइक रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से जिलेवासियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की भावना को और अधिक मजबूत करने तथा प्रत्येक घर पर तिरंगा फहराने का संदेश दिया गया।

तिरंगा प्रदर्शनी में दिखी देशभक्ति, जनभागीदारी और स्थानीय उत्पादों की झलक

सर्वप्रथम प्रभारी मंत्री ओटाराम देवासी ने मिनी सचिवालय स्थित ऑडिटोरियम में विधिवत फीता काटकर तिरंगा प्रदर्शनी का उद्घाटन किया तथा प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में स्वतंत्रता आंदोलन, राष्ट्रध्वज के गौरव, राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति एवं जनभागीदारी से जुड़े विविध विषयों को आकर्षक रूप में प्रदर्शित किया गया।

प्रदर्शनी में राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘पंच गौरव’ के पांचों उत्पादों के स्टॉल संबंधित विभागों द्वारा लगाए गए। विभिन्न विभागों के स्टॉल पर राजीविका की महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों को भी प्रदर्शित किया गया। इसके अतिरिक्त असनावर स्थित सांवरिया सेठ हथकरघा फाउण्डेशन सोसायटी द्वारा तैयार हथकरघा उत्पाद भी प्रदर्शनी में आकर्षण का केन्द्र रहे।

कृषि विभाग द्वारा किसानों के देसी बीज संरक्षण से उत्पादित सब्जियां, मोटे अनाज से तैयार विभिन्न उत्पाद, विश्व प्रसिद्ध केमामाइल चाय की खेती, जैविक खेती उत्कृष्टता केन्द्र द्वारा उत्पादित विभिन्न जैव उत्पाद तथा संतरा उत्कृष्टता केन्द्र द्वारा तैयार उच्च गुणवत्ता युक्त पौधे भी प्रदर्शित किए गए।

प्रभारी मंत्री ने स्वयं संभाली तिरंगा बाइक रैली की कमान

तिरंगा प्रदर्शनी के उद्घाटन के पश्चात प्रभारी मंत्री ओटाराम देवासी विशाल तिरंगा बाइक रैली में शामिल हुए और स्वयं रैली का नेतृत्व किया। उन्होंने ‘भारत माता की जय’ एवं ‘वन्दे मातरम’ के उद्घोष के साथ रैली में शामिल प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ ने मिनी सचिवालय से तिरंगा बाइक रैली को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन-बान-शान और करोड़ों देशवासियों की एकता, गौरव एवं राष्ट्रीय भावना का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा अभियान’ प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान व्यक्त करने और देश के प्रति अपने कर्तव्यों का स्मरण कराने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने जिलेवासियों से आह्वान किया कि अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने घरों पर तिरंगा फहराएं तथा युवा पीढ़ी को स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, बलिदान और राष्ट्रभक्ति से परिचित कराएं।

तिरंगा बाइक रैली के दौरान शहर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। हाथों में तिरंगा लिए स्थानीय जनप्रतिनिधि अधिकारी, कर्मचारी, पुलिस जवान, पूर्व सैनिक, स्काउट, गाइड युवा, स्वयंसेवी संगठन, विद्यार्थी एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्य उत्साह के साथ रैली में शामिल हुए। रैली मामा-भांजा चौराहा, मूर्ति चौराहा, मंगलपुरा टेक, मंगलपुरा चौराहा एवं गढ़ परिसर होते हुए स्काउट गाइड कार्यालय पहुंचकर सम्पन्न हुई। रैली के माध्यम से शहरवासियों को राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं तिरंगे के सम्मान का संदेश दिया गया।


रैली के समापन अवसर पर स्काउट गाइड कार्यालय में प्रभारी मंत्री एवं पूर्व आरपीएससी चेयरमेन ने उपस्थित नागरिकों, युवाओं, स्काउट, गाइड एवं विद्यार्थियों को तिरंगा शपथ दिलाई। शपथ के माध्यम से उपस्थितजनों ने राष्ट्रध्वज के सम्मान, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की रक्षा तथा देश के विकास में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया।

इस अवसर पर मनोहरथाना विधायक गोविन्द रानीपुरिया, डग विधायक कालूराम मेघवाल, पूर्व आरपीएससी चेयरमेन श्याम सुन्दर शर्मा, जिलाध्यक्ष हर्षवर्धन शर्मा, जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, जिला परिषद् के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शम्भूदयाल मीणा, पूर्व सभापति प्रदीप सिंह राजावत, पूर्व उप जिला प्रमुख भागचन्द दांगी, चन्द्रमोहन धाभाई सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

 

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!