जैसलमेर मतगणना स्थल पर सख्त सुरक्षा, दो मजिस्ट्रेट तैनात
जैसलमेर। नगर परिषद जैसलमेर और नगर पालिका पोकरण के चुनाव की मतगणना को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है। दोनों निकायों की मतगणना सोमवार, 14 सितंबर को सुबह 8 बजे एसबीके राजकीय महाविद्यालय जैसलमेर में शुरू होगी। मतगणना के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने दो मजिस्ट्रेट नियुक्त किए हैं।
जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अनुपमा जोरवाल की ओर से जारी आदेश के अनुसार मतगणना स्थल और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी अलग-अलग अधिकारियों को सौंपी गई है। मतगणना क्षेत्र के बाहर और पूरे नगर परिषद क्षेत्र के लिए उपायुक्त उपनिवेशन रामस्वरूप चौहान को मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है।
वहीं मतगणना क्षेत्र के अंदर और उससे लगे क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था की जिम्मेदारी उपखंड अधिकारी फतेहगढ़ ताराचंद वेकेट को दी गई है। दोनों मजिस्ट्रेटों के साथ पुलिस अधिकारी और आवश्यक पुलिस बल भी तैनात रहेगा, ताकि मतगणना के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।
कॉलेज परिसर में प्रवेश को लेकर सख्ती
प्रशासन ने मतगणना स्थल पर वाहनों की आवाजाही को लेकर भी स्पष्ट व्यवस्था की है। कॉलेज की बाउंड्री के अंदर बनाए गए बैरिकेडिंग क्षेत्र में केवल जिला निर्वाचन अधिकारी, पुलिस अधीक्षक, उप जिला निर्वाचन अधिकारी तथा रिटर्निंग एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारियों के वाहनों को प्रवेश की अनुमति होगी।
इसके अलावा मतगणना व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों के विभागीय एवं निजी वाहनों के लिए कॉलेज परिसर के अंदर निर्धारित पार्किंग व्यवस्था रहेगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कॉलेज की बाउंड्री के भीतर आम नागरिकों अथवा अनधिकृत वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
मतगणना के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती के साथ प्रवेश और पार्किंग व्यवस्था की निगरानी की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य मतगणना प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है।