जयपुर में आयोजित नारी शक्ति सम्मेलन एवं संवाद से जुड़ीं जिले की हजारों राजीविका स्वयं सहायता समूह की महिलाएं
बारां। जयपुर स्थित कॉमर्स कॉलेज में शनिवार को आयोजित नारी शक्ति सम्मेलन एवं संवाद कार्यक्रम का जिले में सीधा प्रसारण किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने राजीविका की स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के साथ व्यक्तिगत एवं ऑनलाइन माध्यम से सीधा संवाद स्थापित किया।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम के प्रसारण में जिले के जिला, ब्लॉक तथा ग्राम पंचायत स्तर पर जिले भर की राजीविका स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
जिला एवं स्थानीय स्तर पर सहभागिता
जिला मुख्यालय स्थित जिला परिषद सभागार में राजीविका स्वयं सहायता समूह की 586 महिलाओं ने उपस्थिति दर्ज कराते हुए मुख्यमंत्री का संदेश सुना। सभी ब्लॉकों से 2530 महिलाएं ऑनलाइन माध्यम से संवाद कार्यक्रम में शामिल हुई। ग्राम पंचायतों से 57085 महिलाएं डिजिटल माध्यम से इस कार्यक्रम से सीधे जुड़ीं।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला कलक्टर बालमुकुंद असावा, उप जिला प्रमुख छीतरलाल मेघवाल, समाजसेवी श्रीमती राजेश हाड़ा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद राजीव तोमर सहित अनेक जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे।