जिला निर्वाचन अधिकारी ने ली चुनाव प्रकोष्ठों के प्रभारी अधिकारियों की बैठक
बारां। जिला निर्वाचन अधिकारी व कलक्टर बालमुकुंद असावा ने आगामी पंचायत राज चुनाव के कार्यों के लिए गठित विभिन्न चुनाव प्रकोष्ठों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्धता व संवेदनशीलता के साथ दायित्व निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी असावा ने मंगलवार को मिनी सचिवालय सभागार में आयोजित बैठक में निर्देश दिए कि जिले में सुगम मतदान के लिए सभी अधिकारी सजग और तत्पर रहकर कार्य करें। उन्होंने मतदान केन्द्रों पर विद्युत सहित सभी व्यवस्थाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ मतदान दलों के गठन व उनके प्रशिक्षण व्यवस्था सहित सभी आवश्यक सुविधाओं का प्रबंध करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्वाचन कार्य में उपयोग लिए जाने वाले वाहनों, मतदान सामग्री, मतपत्र मुद्रण, आदर्श आचार संहिता की पालना, मतदान सामग्री, रूट चार्ट, सामान्य व्यवस्थाओं, नियंत्रण कक्ष, ईवीएम तैयार करने, डाक मतपत्र, मतगणना कार्मिकों के प्रशिक्षण व कार्यों के टेण्डर को लेकर की जा रही तैयारियों के बारे में जानकारी ली तथा इन सभी कार्यों को अविलंब पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने प्रभारी अधिकारियों से कार्यों की अद्यतन प्रगति की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी भंवरलाल जनागल सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रभारी व सहायक प्रभारी अधिकारी उपस्थित थे।