भारत में टेस्ला का विस्तार, हैदराबाद में खुला नया एक्सपीरियंस सेंटर
New Dehli : इलेक्ट्रिक वाहन क्षेत्र की दिग्गज कंपनी Tesla ने भारत में अपने विस्तार की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाते हुए हैदराबाद के हाईटेक सिटी क्षेत्र में अपना पांचवां एक्सपीरियंस सेंटर शुरू किया है। इस नए सेंटर के जरिए ग्राहक कंपनी की नवीनतम इलेक्ट्रिक एसयूवी मॉडल्स को करीब से समझ और अनुभव कर सकेंगे।
कंपनी के अनुसार, एक्सपीरियंस सेंटर में आने वाले ग्राहकों को प्रशिक्षित सलाहकारों की मदद से वाहनों की तकनीक, फीचर्स और प्रदर्शन क्षमता की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। यहां गाइडेड वॉकअराउंड और इंटरैक्टिव प्रोडक्ट डेमो के जरिए ग्राहकों को टेस्ला के इलेक्ट्रिक मोबिलिटी इकोसिस्टम से परिचित कराया जाएगा।
नए सेंटर में 2026 मॉडल वाई प्रीमियम रियर-व्हील ड्राइव और मॉडल वाई एल को प्रदर्शित किया गया है। दोनों वाहनों को आधुनिक सुरक्षा, लंबी ड्राइविंग रेंज और उन्नत तकनीकी सुविधाओं के साथ पेश किया गया है।
टेस्ला ने तेलंगाना के ग्राहकों को बेहतर सेवा देने के लिए बोलाराम औद्योगिक क्षेत्र में डिलीवरी और बिक्री के बाद की सेवाएं भी शुरू कर दी हैं। इससे वाहन खरीदने के बाद ग्राहकों को रखरखाव और तकनीकी सहायता आसानी से उपलब्ध हो सकेगी।
कंपनी ने बताया कि 2026 मॉडल वाई प्रीमियम रियर-व्हील ड्राइव में पांच यात्रियों के बैठने की सुविधा, पावर-फोल्डिंग सीटें और 2,138 लीटर तक स्टोरेज क्षमता उपलब्ध है। यह वाहन 5.9 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकता है और इसकी डब्ल्यूएलटीपी रेंज 500 किलोमीटर तक बताई गई है।
भारत में इस मॉडल की शुरुआती कीमत 50.89 लाख रुपये रखी गई है। ग्राहक 6 लाख रुपये के डाउन पेमेंट के साथ इसे बुक कर सकते हैं, जबकि मासिक ईएमआई 39,990 रुपये से शुरू होगी। कंपनी जुलाई 2026 से इसकी डिलीवरी शुरू करने की तैयारी में है।
वहीं मॉडल वाई एल को बड़े परिवारों और लंबी दूरी की यात्राओं को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है। यह ऑल-व्हील ड्राइव एसयूवी एक बार चार्ज करने पर 681 किलोमीटर तक की डब्ल्यूएलटीपी रेंज प्रदान करती है। इसके अलावा इसमें 2,539 लीटर तक का कार्गो स्पेस उपलब्ध है, जो इसे लंबी यात्राओं के लिए एक आकर्षक विकल्प बनाता है।
टेस्ला का कहना है कि उसके दोनों मॉडल्स को दुनिया की कई प्रमुख सुरक्षा एजेंसियों से उच्च सुरक्षा रेटिंग प्राप्त हुई है। कंपनी भारत के सभी राज्यों में घरेलू चार्जिंग सहायता भी उपलब्ध करा रही है, ताकि ग्राहकों को इलेक्ट्रिक वाहन अपनाने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।