राष्ट्रीय शिक्षा रत्न सम्मान 2026 समारोह में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
जयपुर। स्वर्णकार सेवा दल की ओर से आयोजित राष्ट्रीय शिक्षा रत्न सम्मान 2026 समारोह का आयोजन बिड़ला ऑडिटोरियम में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन करना तथा समाज में शिक्षा के महत्व को बढ़ावा देना रहा।
स्वर्णकार सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष प्रभुदयाल बूटन, प्रदेश महामंत्री डिम्पल सुनालिया एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष विष्णु दयाल भामा ने बताया कि समारोह की मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए प्रमाण पत्र, मेडल, स्मृति चिन्ह एवं स्टेशनरी भेंट कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा कि शिक्षा ही राष्ट्र निर्माण की सबसे सशक्त नींव है। उन्होंने विद्यार्थियों को केवल अकादमिक उपलब्धियों तक सीमित न रहकर सामाजिक, नैतिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों को भी आत्मसात करने की प्रेरणा भी दी। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शंकर गौरा व चंद्रमोहन बटवाडा, सूरज सोनी एवं श्रवण देवाल ने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के जिम्मेदार नागरिक और देश के भविष्य निर्माता हैं, जिनका अभिनंदन कर आज समाज गौरवान्वित है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। सम्मान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं ने इस पहल के लिए स्वर्णकार सेवा दल का आभार व्यक्त करते हुए इसे अपने लिए प्रेरणादायक बताया। स्वर्णकार समाज के भामाशाह रूपचंद जालू, नारायण मौसूण, नितेश जालू सहित समाज के प्रेरकों के अतुलनीय सहयोग के लिए आयोजन समिति सदस्य तारा लावट, पवन नारनौली, पवन उदावत ने धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि संगठन भविष्य में भी शिक्षा, सामाजिक उत्थान एवं प्रतिभा प्रोत्साहन के लिए स्वर्णकार सेवा दल ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा। समारोह का समापन राष्ट्रगान एवं सामूहिक फोटो सत्र के साथ हुआ। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों के मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ शिक्षा के प्रति समाज में सकारात्मक संदेश देने का कार्य किया।