सूर्यकुमार की फॉर्म, कोहली का रिकॉर्ड खतरे में
तिरुवनंतपुरम| भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने साल 2026 की शुरुआत अपने पुराने अंदाज़ में की है। लंबे समय बाद लय में लौटे सूर्यकुमार ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में लगातार प्रभावशाली पारियां खेलते हुए आलोचकों को करारा जवाब दिया।
सीरीज के दौरान सूर्यकुमार यादव ने पांच मुकाबलों में तीन अर्धशतक जमाए और कुल 242 रन बनाए। 37 गेंदों पर 82 रन और 26 गेंदों में 57 रन जैसी पारियों ने उनकी फॉर्म की वापसी पर मुहर लगा दी। भारत ने यह सीरीज 4-1 से अपने नाम की और सूर्यकुमार को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया।
इसके साथ ही सूर्यकुमार यादव ने अंतरराष्ट्रीय टी20 में छठी बार प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार जीतकर श्रीलंका के वानिंदु हसरंगा की बराबरी कर ली है। इस सूची में उनसे आगे सिर्फ विराट कोहली हैं, जिन्होंने सात बार यह सम्मान हासिल किया है। मौजूदा फॉर्म को देखते हुए सूर्यकुमार का कोहली का रिकॉर्ड तोड़ना अब दूर नहीं माना जा रहा।
आखिरी टी20 में सूर्यकुमार यादव ने अपने 3,000 अंतरराष्ट्रीय टी20 रन भी पूरे किए। 98 पारियों में उनके नाम 3,030 रन हो चुके हैं, जिसमें चार शतक और 24 अर्धशतक शामिल हैं। इस मुकाबले में भारत ने 271 रन बनाए और न्यूजीलैंड को 46 रन से हराया।