पाठ्यपुस्तकों के कॉपीराइट उल्लंघन पर सख्ती, विक्रेताओं को चेतावनी
जयपुर। राजस्थान राज्य पाठ्यपुस्तक मण्डल ने प्रदेश के समस्त पुस्तक विक्रेताओं को सूचित किया है कि बाजार में केवल मण्डल के अधिकृत आरएसबीटी वॉटरमार्क वाली पुस्तकों की ही खरीद-फरोख्त की जाए। सचिव, राजस्थान राज्य पाठ्यपुस्तक मण्डल ने बताया कि बाजार में उपलब्ध नकली अथवा कॉपीराइट डुप्लीकेट पुस्तकों का क्रय-विक्रय पूर्णतः अवैध है। उन्होंने सभी पुस्तक विक्रेताओं को निर्देश दिए हैं कि वे किसी भी प्रकार की नकली या डुप्लीकेट पाठ्यपुस्तकों का भंडारण, क्रय या विक्रय न करें। यदि किसी विक्रेता द्वारा इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने की सूचना प्राप्त होती है, तो मण्डल द्वारा विशेष अभियान चलाकर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। राजस्थान राज्य पाठ्यपुस्तक मण्डल ने आमजन से भी अपील की है कि वे केवल अधिकृत वॉटरमार्क वाली मूल पुस्तकों का ही उपयोग करें।