खेल स्टेडियम के विकास की दिशा में बढ़े कदम, कर्नल राज्यवर्धन ने किया चित्रकूट स्टेडियम में खेल सुविधाओं का निरीक्षण
जयपुर। शहर में खेलों को बढ़ावा देने और बच्चों-युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने चित्रकूट स्टेडियम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेडियम की वर्तमान स्थिति, उपलब्ध खेल सुविधाओं और खिलाड़ियों की आवश्यकताओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, स्थानीय नागरिक एवं संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे। कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने स्टेडियम परिसर में घूमकर विभिन्न खेल गतिविधियों के लिए उपलब्ध संसाधनों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से खिलाड़ियों को दी जा रही सुविधाओं, खेल मैदान की स्थिति, रख-रखाव तथा भविष्य में आवश्यक सुधारों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता का माध्यम और युवाओं के सर्वांगीण विकास का आधार हैं, इसलिए खेल संबंधी बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने विशेष रूप से बच्चों और युवा खिलाड़ियों के लिए खेल सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया और कहा कि क्षेत्र के अधिक से अधिक बच्चों को खेलों से जोड़ने के लिए व्यवस्थाएं विकसित होगी जिससे उन्हें स्थानीय स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और अभ्यास का वातावरण मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्टेडियम में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के साथ-साथ भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार की जाए।