वन मंत्री संजय शर्मा का गहलोत पर पलटवार: प्रदेश में अभूतर्पूव विकास को लेकर अशोक गहलोत हो रहे विचलित
-2012 की भर्ती में हक नहीं देने वाले गहलोत अब घड़ियाली आंसू न बहाएं
-कांग्रेस की अंदरूनी लड़ाई का खामियाजा राजस्थान ने भुगता
-मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की संवेदनशीलता से सफाईकर्मियों को मिली नियुक्ति
ALWAR । वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री संजय शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा सफाईकर्मियों की नियुक्ति को लेकर दिए गए बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि जिस सफाई भर्ती को लेकर गहलोत सवाल उठा रहे हैं, वह वर्ष 2012 की भर्ती है और उस समय अशोक गहलोत राजस्थान के मुख्यमंत्री थे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में हाईकोर्ट द्वारा सफाईकर्मियों के पक्ष में निर्णय दिए जाने के बावजूद 2023 तक उन्हें उनका हक नहीं मिला।
संजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने संवेदनशीलता दिखाते हुए सफाईकर्मियों की समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के निर्देश पर सफाईकर्मियों को नियुक्ति देने का काम राजस्थान सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि वे सफाईकर्मियों के धरने पर नहीं गए थे, बल्कि उनके हक की बात रखने के लिए नगर निगम गए थे।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते समाज के अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति को हक दिलाना मेरा कर्तव्य है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की भी यही सोच है कि मंत्री बनने के बाद भी जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता के रूप में हर उस व्यक्ति के हक के लिए खड़ा रहना है, जिसकी कोई मूलभूत आवश्यकता है और जो अपने अधिकार से वंचित है।
संजय शर्मा ने कहा कि राजस्थान में जब भी विकास कार्यों का लोकार्पण होता है या राष्ट्रीय नेता राजस्थान आते हैं, तो विकास कार्यों को देखकर अशोक गहलोत को जलन होती है और वे ईर्ष्या के भाव से मीडिया के माध्यम से जनता को भ्रमित करने का प्रयास करते हैं।
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत यदि मुख्यमंत्री रहते हुए इतनी सक्रियता से जनता के बीच जाते, विकास कार्य करते और उन कार्यों का बखान जनता के बीच करते, तो शायद आज उनकी यह दयनीय स्थिति नहीं होती। उन्होंने आरोप लगाया कि गहलोत अपने शासनकाल में विकास कार्य करने की बजाय अपनी सरकार बचाने में लगे रहे।
संजय शर्मा ने कहा कि गहलोत सरकार के समय कांग्रेस के बड़े नेता सचिन पायलट अपने विधायकों के साथ होटलों में बंद रहे और अशोक गहलोत भी अपने विधायकों को लेकर होटल में बंद रहे। उन्होंने कहा कि वेद प्रकाश सोलंकी, अशोक चांदना, हेमाराम चौधरी सहित कांग्रेस के विधायक और मंत्री गहलोत की कार्यशैली, विकास के प्रति अनदेखी और जनता के हितों की उपेक्षा से नाराज थे।
उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता ने कांग्रेस के दोनों नेताओं की लड़ाई को झेला और उसी का परिणाम है कि आज कांग्रेस विपक्ष में बैठी है। उन्होंने कहा कि विपक्ष में भी कांग्रेस की स्थिति ऐसी है कि प्रदेशाध्यक्ष और नेताप्रतिपक्ष तक गहलोत को तरजीह नहीं दे रहे हैं।
संजय शर्मा ने कहा कि केवल अखबारों के माध्यम से गाल बजाने की बजाय जनता के बीच जाइए। यदि कोई संघर्ष करना है तो आंदोलन करके दिखाइए और विपक्ष के नाते कोई सुझाव देना है तो सुझाव दीजिए। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जनहित में दिए गए सुझावों को स्वीकार कर जनता के हित में निर्णय करेंगे।
राज्य मंत्री ने कहा कि अशोक गहलोत ईर्ष्या की भावना से सरकार को कोस रहे हैं, राजस्थान की जनता उसे समझ चुकी है। आने वाले समय में आपका जादू चलने वाला नहीं है। जादूगर अशोक गहलोत का जादू खत्म हो चुका है और राजस्थान में यदि किसी का जादू चलेगा, तो राजस्थान के माननीय मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का चलेगा। संजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार विकास के प्रति पूरी तरह समर्पित है।