Dark Mode
जयपुर में युवक की मौत से सनसनी, कार से कुचलने का आरोप

जयपुर में युवक की मौत से सनसनी, कार से कुचलने का आरोप

जयपुर। कानोता थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के करीब 3 बजे एक युवक की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, कानोता पुलिया के पास दो युवक सड़क किनारे घायल हालत में मिले थे। दोनों को एंबुलेंस से SMS अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने 26 वर्षीय रोहित सैनी को मृत घोषित कर दिया। उसका साथी सुनील सैनी गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में उपचाराधीन है।

पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल के पास एक कार आगे खड़े ट्रक से टकराई हुई मिली थी। जांच में सामने आया कि कार प्रॉपर्टी कारोबारी नरेश अग्रवाल की है। पूछताछ में पता चला कि घटना के समय कार सुरेंद्र यादव के पास थी। पुलिस ने कार जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

वेतन को लेकर विवाद के बाद मारपीट का आरोप

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रोहित और उसके साथी का कुछ लोगों के साथ शराब पार्टी के दौरान वेतन को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर तीन लोगों ने दोनों युवकों के साथ मारपीट की। इसी दौरान एक आरोपी ने रोहित के सिर पर डंडे से हमला किया।

इसके बाद सड़क पर गिरे रोहित और सुनील को कार से कुचलने का आरोप है। घटना के बाद कार ट्रक से जा भिड़ी। इसके बाद कार सवार मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गए। पुलिस अब आरोपियों की पहचान और घटना में उनकी भूमिका की जांच कर रही है।

पुलिस को राहगीरों से मिली थी सूचना

कानोता थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह के अनुसार, पुलिस को राहगीरों से सूचना मिली थी कि कानोता पुलिया के पास बाइक सवार दो युवक दुर्घटना का शिकार होकर सड़क किनारे पड़े हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो दोनों युवक लहूलुहान हालत में मिले।

दोनों को अस्पताल भेजा गया। उपचार के दौरान रोहित की मौत हो गई, जबकि सुनील को भर्ती कर लिया गया। पुलिस ने घटना के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू की है।

प्रॉपर्टी कारोबारी के यहां ड्राइवर था रोहित

पुलिस के अनुसार, रोहित सैनी पिछले करीब एक साल से कानोता-बस्सी क्षेत्र में प्रॉपर्टी कारोबारी नरेश अग्रवाल के यहां ड्राइवर के तौर पर काम कर रहा था। कारोबारी ने अपने कर्मचारियों के रहने के लिए कानोता में जगह दे रखी थी। रोहित भी वहां अन्य 4-5 कर्मचारियों के साथ रहता था।

रोहित मूल रूप से चौमूं क्षेत्र की दुल्हा सिंह की ढाणी का रहने वाला था। छुट्टी मिलने पर वह अपनी पत्नी और दो बेटों से मिलने घर जाता था। उसकी मौत की सूचना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने के बाहर प्रदर्शन

कानोता थाना पुलिस ने मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने का प्रयास कर रही है।

इधर, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मृतक के परिजनों ने कानोता थाने के बाहर प्रदर्शन किया। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!