नेशंस कप के लिए भारतीय महिला हॉकी टीम घोषित, सलीमा टेटे को फिर मिली कमान
नई दिल्ली। हॉकी इंडिया ने एफआईएच हॉकी विमेंस नेशंस कप 2025-26 के लिए भारतीय महिला टीम की घोषणा कर दी है। 15 से 21 जून तक न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में होने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में टीम की कमान एक बार फिर सलीमा टेटे के हाथों में होगी। चयनित 20 सदस्यीय टीम में अनुभवी खिलाड़ियों के साथ कई उभरती प्रतिभाओं को भी मौका दिया गया है।
गोलकीपिंग विभाग में अनुभवी सविता और बीचू देवी खारीबाम पर जिम्मेदारी होगी। वहीं रक्षा पंक्ति में सुशीला चानू, निक्की प्रधान, ज्योति और इशिका चौधरी जैसी अनुभवी खिलाड़ियों के साथ लालथंतलुआंगी और शिल्पी डबास भी नजर आएंगी, जिन्होंने हाल ही में सीनियर स्तर पर अपनी छाप छोड़ी है।
मिडफील्ड की कमान कप्तान सलीमा टेटे संभालेंगी। उनके साथ नेहा, सुनीता टोप्पो, साक्षी राणा, दीपिका सोरेंग, सोनम और लालरेमसियामी जैसी खिलाड़ी टीम को संतुलन और गति प्रदान करेंगी। अटैकिंग लाइन में नवनीत कौर पर गोल करने की बड़ी जिम्मेदारी होगी, जबकि दीपिका, रुतुजा पिसल, इशिका और अन्नू उनका साथ देंगी।
भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में अच्छे आत्मविश्वास के साथ उतर रही है। हाल ही में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टीम ने चार मैचों की फ्रेंडली सीरीज खेली थी, जहां खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का महत्वपूर्ण अनुभव मिला। इस दौरे ने टीम संयोजन और रणनीति को मजबूत करने में भी मदद की।
टूर्नामेंट में भारत को पूल ए में जापान, अमेरिका और उरुग्वे के साथ रखा गया है। वहीं दूसरे पूल में मेजबान न्यूजीलैंड के अलावा चिली, कोरिया और फ्रांस की टीमें शामिल हैं। भारतीय टीम अपना पहला मुकाबला 15 जून को अमेरिका के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद 16 जून को जापान और 18 जून को उरुग्वे से भिड़ंत होगी।
मुख्य कोच हारेंड शोर्ड मारिन ने कहा कि नेशंस कप टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण प्रतियोगिता है। उनके अनुसार, यह टूर्नामेंट आगामी बड़े आयोजनों जैसे एफआईएच विश्व कप और एशियाई खेलों की तैयारी के लिहाज से भी अहम साबित होगा। उन्होंने भरोसा जताया कि टीम में अनुभव और युवा जोश का संतुलन मौजूद है, जो भारत को बेहतर प्रदर्शन करने में मदद करेगा।
भारतीय महिला टीम का लक्ष्य इस टूर्नामेंट में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर खिताब की दौड़ में मजबूती से बने रहना होगा। सेमीफाइनल मुकाबले 20 जून और फाइनल 21 जून को खेला जाएगा।