सैयामी खेर का रूस कनेक्शन, इंटरनेशनल फिल्म से करेंगी डेब्यू
मुंबई। अभिनेत्री सैयामी खेर जल्द ही एक नई इंडो-रशियन ड्रामा फिल्म के जरिए अंतरराष्ट्रीय सिनेमा में अपनी शुरुआत करने जा रही हैं। इस प्रोजेक्ट की शूटिंग रूस में हुई है, जहां काम करने का अनुभव उनके लिए भारतीय फिल्म इंडस्ट्री से काफी अलग रहा। अभिनेत्री ने इस सहयोग को अपने करियर का यादगार अनुभव बताया है।
सैयामी के मुताबिक, अलग-अलग देशों के कलाकारों और तकनीकी टीम के साथ काम करने से सिनेमा को देखने का नजरिया व्यापक होता है। उन्होंने बताया कि रूस में शूटिंग करना उनके लिए खास था, क्योंकि वह पहली बार इस देश में गई थीं। वहां का कामकाजी माहौल और फिल्म बनाने का तरीका उनके अब तक के अनुभवों से अलग रहा।
अभिनेत्री का मानना है कि भाषा और भौगोलिक सीमाएं अच्छी कहानियों के रास्ते में बाधा नहीं बनतीं। अलग-अलग संस्कृतियों के लोगों के साथ काम करने से नई चीजें सीखने और सिनेमा को दूसरे नजरिए से समझने का अवसर मिलता है। सैयामी ने उम्मीद जताई कि भविष्य में उन्हें ऐसे और अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट्स में काम करने का मौका मिलेगा।
फिल्म की कहानी को लेकर फिलहाल ज्यादा जानकारी साझा नहीं की गई है। हालांकि, सैयामी ने संकेत दिया कि यह एक ड्रामा फिल्म होगी, जिसकी कहानी एक मजबूत महिला किरदार के इर्द-गिर्द बुनी गई है। इस इंडो-रशियन प्रोजेक्ट को कार्तिना एंटरटेनमेंट, व्हाइट नाइट फिल्म्स और विश मीडिया मिलकर बना रहे हैं। फिल्म का निर्देशन मैक्सिम कुजनेत्सोव कर रहे हैं। यह सहयोग अलग-अलग संस्कृतियों को जोड़ते हुए सिनेमा की साझा भाषा को सामने लाने की कोशिश है।
वर्कफ्रंट की बात करें तो सैयामी खेर पिछली बार क्राइम थ्रिलर फिल्म 'हैवान' में नजर आई थीं। प्रियदर्शन के लेखन और निर्देशन में बनी यह फिल्म उनकी 2016 की मलयालम फिल्म 'ओप्पम' का रीमेक है। इसमें अक्षय कुमार, सैफ अली खान, बोमन ईरानी, श्रिया पिलगांवकर और सैयामी खेर ने अहम भूमिकाएं निभाईं, जबकि मोहनलाल कैमियो में दिखाई दिए। इस फिल्म के जरिए अक्षय कुमार और सैफ अली खान लंबे समय बाद एक साथ पर्दे पर लौटे थे। इससे पहले दोनों 'टशन' में साथ नजर आए थे।